Chandigarh News: चंडीगढ़ के धनास में 3 युवकों पर चाकू से हमला, एक की हालत गंभीर, PGI रेफर

चंडीगढ़ के धनास में 3 युवकों पर चाकू से हमला
Chandigarh News: चंडीगढ़ के धनास इलाके में सोमवार देर रात घर के सामने पार्क में बैठे तीन युवकों पर चाकू और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया। बताया गया कि 3-4 युवक अचानक वहां पहुंचे और तीनों पर हमला शुरू कर दिया। हमले में 19 वर्षीय लक्की और 22 वर्षीय अरुण गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि 25 वर्षीय कुलदीप को हाथ में चोट लगी। लक्की के पेट में चाकू लगने के बाद उसे सेक्टर-16 अस्पताल से सुबह करीब 6 बजे PGI रेफर किया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद सारंगपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान हो सके। थाना प्रभारी अशोक कुमार के मुताबिक, लक्की अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है और डॉक्टर की अनुमति मिलने के बाद उसका बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पार्क में बैठे थे तीनों युवक, अचानक पहुंच गए हमलावर
परिजनों के मुताबिक, रात करीब साढ़े 11 बजे लक्की अपने घर के सामने पार्क में बैठा था। इसी दौरान वहां 3-4 युवक पहुंचे और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने चाकू और कुल्हाड़ी से हमला किया, जिसके बाद लक्की समेत उसके साथ मौजूद अरुण और कुलदीप ने बचने की कोशिश की।
लक्की के भाई रोहित ने बताया कि आरोपियों में सरजू, बिट्टू, धर्मेंद्र और जादू शामिल हैं। रोहित के अनुसार, आरोपियों ने लक्की को पीछे से चाकू मारा। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है और आरोपियों की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
लक्की के पेट में चाकू घोंपा, अरुण पर 12 वार
हमले में लक्की के पेट में चाकू घोंपा गया। परिजन उसे तुरंत सेक्टर-16 अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने सुबह करीब 6 बजे उसे PGI रेफर कर दिया। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बताई गई है।
दूसरे घायल अरुण की छाती और पीठ पर 12 बार चाकू मारे जाने की बात सामने आई है। उसका सेक्टर-16 अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं कुलदीप के हाथ में चाकू लगा था और इलाज के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
पहले भी लक्की पर हमला होने का दावा
लक्की के भाई रोहित ने बताया कि उसके भाई पर पहले भी हमला हो चुका है। उस समय लक्की वहां से भागकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहा था। रोहित के मुताबिक, उस घटना में उनके साथ रहने वाले अन्य युवकों के साथ भी मारपीट हुई थी।
रोहित ने आरोप लगाया कि इस बार हमला करने वाले युवक पीछे से आए और लक्की पर हमला कर दिया। उसका कहना है कि घटना के बाद दोस्त मौके पर पहुंचे और घायल लक्की को अस्पताल पहुंचाया।
लक्की स्कूल वैन चलाता था, कुलदीप की कमाई से चलता है परिवार
लक्की की उम्र 19 साल है और वह अपनी स्कूल वैन चलाता था। उसकी मां चंडीगढ़ में कोठियों में काम करती हैं, जबकि बड़ा भाई रोहित एक निजी कंपनी में नौकरी करता है।
अरुण की उम्र 22 साल है और वह फिलहाल नौकरी की तलाश कर रहा है। उसके पिता पेंटिंग की ठेकेदारी का काम करते हैं। वहीं 25 वर्षीय कुलदीप प्रवासी है और चंडीगढ़ में पेंटिंग ठेकेदार का काम करता है।
कुलदीप के माता-पिता उत्तर प्रदेश के बरेली में रहते हैं। परिवार के मुताबिक, वे फिलहाल कोई काम नहीं करते और घर का खर्च कुलदीप की कमाई से चलता है।
पिता ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
लक्की के पिता शीशपाल ने बताया कि रात के समय कुछ युवक पार्क में बैठे थे। इसी दौरान 3-4 युवक वहां पहुंचे और लक्की पर चाकू तथा कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। उनके मुताबिक, चाकू लक्की के पेट में लगा, जिसके बाद परिजन उसे सेक्टर-16 अस्पताल लेकर गए।
शीशपाल ने आरोप लगाया कि घटना के बाद भी पुलिस की ओर से अभी तक कार्रवाई नहीं की गई। दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है और घायल की मेडिकल स्थिति को देखते हुए उसका बयान दर्ज नहीं हो पाया है।
CCTV फुटेज से हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश
सारंगपुर थाना पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमला करने वाले युवक कौन थे और वारदात के पीछे क्या वजह थी।
थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि अभी घायल युवक बयान देने में सक्षम नहीं है। डॉक्टर से बयान लेने की अनुमति मिलते ही उसका बयान दर्ज किया जाएगा और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
