Chandigarh News: चंडीगढ़ की बेटी की रफ्तार अब दिखेगी एशिया कप में, नंदिनी पहनेंगी टीम इंडिया की जर्सी
नंदिनी पहनेंगी टीम इंडिया की जर्सी
Chandigarh News: कभी शहर के मैदानों पर क्रिकेट के सपने संजोने वाली चंडीगढ़ की तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा अब एशिया के सबसे बड़े महिला क्रिकेट टूर्नामेंट में भारतीय टीम की जर्सी में नजर आएंगी। चंडीगढ़ की इस होनहार गेंदबाज का चयन 28 अगस्त से 13 सितंबर तक यूएई में होने वाले एसीसी महिला एशिया कप 2026 के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम में हुआ है। घरेलू क्रिकेट से लेकर महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) तक लगातार शानदार प्रदर्शन करने वाली नंदिनी अब भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण की अहम कड़ी होंगी।
नंदिनी की यह उपलब्धि चंडीगढ़ क्रिकेट के लिए भी बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। पिछले कुछ वर्षों में महिला क्रिकेट ने शहर में तेजी से अपनी पहचान बनाई है और नंदिनी का भारतीय टीम तक पहुंचना इसी बदलाव की तस्वीर पेश करता है। उनकी मेहनत, अनुशासन और लगातार बेहतर प्रदर्शन ने उन्हें राष्ट्रीय चयनकर्ताओं की नजरों में बनाए रखा। नंदिनी इस समय बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में भारतीय टीम के साथ एशिया कप की तैयारियों में जुटी हैं। इससे पहले उनका चयन आईसीसी महिला टी-20 विश्व कप 2026 के लिए भी भारतीय टीम में हो चुका है। एक ही वर्ष में विश्व कप और एशिया कप जैसे दो बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों के लिए टीम इंडिया में जगह बनाना उनकी निरंतरता और शानदार फॉर्म को दर्शाता है।
तेज गेंदबाज के रूप में नंदिनी ने पिछले कुछ वर्षों में घरेलू क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने पंजाब और यूटी क्रिकेट एसोसिएशन का प्रतिनिधित्व करते हुए बीसीसीआई की अंडर-19, अंडर-23 और सीनियर महिला प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। सीनियर महिला इंटर-जोनल टूर्नामेंट, महिला टी-20 चैलेंजर ट्रॉफी और सीनियर महिला वनडे चैलेंजर ट्रॉफी जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंटों में भी उन्होंने अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया। उनकी तेज रफ्तार, सटीक लाइन-लेंथ और नई गेंद से शुरुआती विकेट निकालने की क्षमता उनकी सबसे बड़ी ताकत रही है।
इस वर्ष एसीसी राइजिंग स्टार महिला एशिया कप में भारत-ए टीम की ओर से खेलते हुए नंदिनी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की टीमों के खिलाफ प्रभावी गेंदबाजी की। इस प्रदर्शन ने उन्हें सीनियर भारतीय टीम में जगह दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद महिला प्रीमियर लीग 2026 में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने बड़े मंच पर भी अपनी उपयोगिता साबित की। मजबूत बल्लेबाजी क्रम वाली टीमों के खिलाफ महत्वपूर्ण विकेट लेकर उन्होंने खुद को भरोसेमंद तेज गेंदबाजों में शामिल कराया।
चंडीगढ़ के क्रिकेट सफर की नई पहचान
नंदिनी की सफलता इस बात का संकेत है कि अब चंडीगढ़ की महिला क्रिकेट प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं। बेहतर प्रशिक्षण सुविधाओं, आयु वर्ग प्रतियोगिताओं और लगातार मिल रहे अवसरों ने युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मंच दिया है।
यूटी क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सारांश टंडन ने नंदिनी शर्मा को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि एशिया कप में नंदिनी भारतीय टीम के लिए शानदार प्रदर्शन कर देश और चंडीगढ़ का नाम रोशन करेंगी। अब यूएई में होने वाले एशिया कप पर चंडीगढ़ की निगाहें होंगी, जहां शहर की यह तेज गेंदबाज भारतीय जर्सी में अपनी रफ्तार से नई कहानी लिखने मैदान पर उतरेगी।
