Cheeka Road Accident: कैथल जिले के गुहला-चीका क्षेत्र में रफ्तार के कहर ने दो हंसते-खेलते परिवारों की खुशियां पल भर में उजाड़ दीं। चीका-पिहोवा मुख्य मार्ग पर भागल गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप के नजदीक देर रात एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने मोटरसाइकिल सवार दो चचेरे भाइयों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन समेत अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से रफूचक्कर हो गया। मृतकों की पहचान भागल गांव के रहने वाले 22 वर्षीय अजय और 18 वर्षीय संत कुमार के रूप में हुई है।
तड़के पेट्रोल पंप के पास पड़े मिले शव, एंबुलेंस से भिजवाया अस्पताल
जानकारी के मुताबिक, यह दर्दनाक दुर्घटना रात करीब 1 बजे से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है। शुक्रवार तड़के जब वहां से गुजर रहे राहगीरों और स्थानीय लोगों की नजर पेट्रोल पंप के पास सड़क पर लहूलुहान पड़े युवकों और क्षतिग्रस्त बाइक पर पड़ी, तो क्षेत्र में हड़कंप मच गया। तुरंत इसकी इत्तिला पुलिस कंट्रोल रूम और गुहला थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवकों के शवों को कब्जे में लेकर कैथल के नागरिक अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
तीन बहनों का इकलौता भाई था संत कुमार, दो माह पहले ही सिर से उठा था पिता का साया
इस हादसे ने पूरे भागल गांव को गहरे शोक में डुबो दिया है। मृतकों के मौसेरे भाई अक्षय ने रूंधे गले से बताया कि 18 वर्षीय संत कुमार अपनी तीन बहनों का इकलौता भाई था और अभी महज दो महीने पहले ही बीमारी के कारण उसके पिता का साया सिर से उठा था। वहीं, दूसरे मृतक 22 वर्षीय अजय की मां का भी करीब एक साल पहले देहांत हो चुका था। दोनों युवक अविवाहित थे और आपस में चाचा-ताऊ के बेटे थे। एक ही कुनबे के दो चिरागों के इस तरह अचानक बुझ जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज
मामले की जानकारी देते हुए गुहला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शिव कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। इसके अलावा हादसे के वक्त वहां से गुजरे वाहनों का सुराग लगाने के लिए पिहोवा-चीका मार्ग और आसपास के पेट्रोल पंपों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें– अंबाला में धोखे से रचाई शादी, पहली पत्नी और बच्चों का सच छिपाया, विरोध पर पत्नी को पीटा

