बलौदाबाजार: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के बकुलाही इलाके में स्थित एक स्पंज आयरन प्लांट में भीषण धमाका हो गया। इस हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 5 अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि मलबे में अभी भी कुछ लोग दबे हो सकते हैं। जानकारी के अनुसार, विस्फोट प्लांट के भीतर सुबह कामकाज के दौरान हुआ। धमाका इतना तेज था कि प्लांट की कोल भट्टी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और घटनास्थल पर मलबे का बड़ा ढेर जमा हो गया। विस्फोट के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि धमाका तकनीकी खराबी या अत्यधिक दबाव के कारण हुआ हो सकता है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच टीम द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है। इस घटना पर छत्तीसगढ़ सरकार ने संज्ञान लिया है। सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की घोषणा की गई है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और मामले की पूरी तरह जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
क्या होता है स्पंज आयरन प्लांट
स्पंज आयरन प्लांट में लौह अयस्क (Iron Ore) से स्पंज आयरन का उत्पादन किया जाता है। यह प्रक्रिया डायरेक्ट रिडक्शन तकनीक के माध्यम से होती है, जिसमें कोयला या गैस की सहायता से लौह अयस्क से ऑक्सीजन को अलग किया जाता है। तैयार स्पंज आयरन को आगे स्टील निर्माण के लिए कच्चे माल के रूप में स्टील प्लांटों में भेजा जाता है।

