August 11, 2026

Frog Tea Fact: क्या चीन में वाकई पी रहे हैं ‘जिंदा मेंढक वाली चाय’? जानें वायरल वीडियो का पूरा सच

0
Frog Tea Fact: क्या चीन में वाकई पी रहे हैं 'जिंदा मेंढक वाली चाय'? जानें वायरल वीडियो का पूरा सच

क्या चीन में वाकई पी रहे हैं 'जिंदा मेंढक वाली चाय'? जानें वायरल वीडियो का पूरा सच

Frog Tea Fact: डिजिटल दौर में सोशल मीडिया पर सेंसेशन फैलाने के लिए किस हद तक जाया जा सकता है, इसका ताजा नमूना एक वायरल वीडियो में देखने को मिल रहा है। बीते कुछ दिनों से इंटरनेट पर एक वीडियो तेजी से तैर रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि चीन में लोग ‘मिल्क टी’ के अंदर जिंदा मेंढक डालकर उसका रस गटक रहे हैं। इस घिनौने और अजीबोगरीब वीडियो को देखकर हर कोई हैरान है और सोशल मीडिया पर चीन के फूड कल्चर को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं दी जा रही हैं। हालांकि, जब इस वीडियो की पड़ताल की गई, तो दावों का पूरा गुब्बारा फुस्स हो गया।

1.2 करोड़ से ज्यादा व्यूज, फर्जी दावे पर भड़के यूजर्स

यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक यूजर ने यह वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि चीन के लोग जिंदा मेंढक वाली चाय पी रहे हैं। देखते ही देखते वीडियो को 1 करोड़ 20 लाख से अधिक बार देखा गया। बिना सच्चाई जाने लोगों ने इसे चीन की परंपरा से जोड़ दिया और इंटरनेट पर तीखी बहस छिड़ गई। कमेंट सेक्शन में इसे अमानवीय और घृणास्पद बताते हुए तीखे कमेंट्स की बाढ़ आ गई।

क्या वाकई मेंढक डालकर बनाई जाती है चाय?

फैक्ट चेक के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि चीन या दक्षिण-पूर्व एशिया के कुछ हिस्सों में सूप या हॉट पॉट में पका हुआ मेंढक (Bullfrog) खाने का रिवाज जरूर है, लेकिन किसी भी देश के कल्चर में जिंदा जानवर को ग्लास में डालकर उसका रस पीने का कोई रिवाज नहीं है। यह न तो किसी देश की खान-पान शैली का हिस्सा है और ना ही ऐसा कोई पेय पदार्थ बाजार में बिकता है।

व्यूज का खेल: एडिटिंग और एक्टिंग से रचा गया स्वांग

वीडियो की बारीकी से जांच करने पर पता चला कि यह सिर्फ और सिर्फ सोशल मीडिया पर रातों-रात वायरल होने का एक घटिया पब्लिसिटी स्टंट था। वीडियो में दिख रहा शख्स असल में स्ट्रॉ मुंह में लगाकर सिर्फ पीने की एक्टिंग कर रहा था। स्ट्रॉ का निचला हिस्सा इस तरह रखा गया था कि गिलास का लिक्विड उसके मुंह तक पहुंच ही नहीं रहा था।

आजकल एल्गोरिदम से व्यूज, कमेंट्स और रीच पाने के लिए लोग इस तरह के सनसनीखेज और विवादित वीडियो बनाकर किसी देश या समुदाय का नाम जोड़ देते हैं। ताकि लोग गुस्से में आकर उस पर कमेंट करें और वीडियो तेजी से ट्रेंड करने लगे। जानकारों की सलाह है कि सोशल मीडिया पर दिखने वाले हर चौंकाने वाले कंटेंट पर बिना पड़ताल के भरोसा न करें।

यह भी पढ़ें– Tractor Viral Video: खिलौनों से खेलने की उम्र में चलाया ट्रैक्टर, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ नन्हे ड्राइवर का स्वैग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed