October 2, 2026

CM Dhami Panchkula: पंचकूला में सीएम धामी ने खेला क्रिकेट, ‘नमो क्रिकेट लीग’ में बल्ले पर आजमाया हाथ, युवाओं को दिलाई नशामुक्ति की शपथ

0
CM Dhami Panchkula: पंचकूला में सीएम धामी ने खेला क्रिकेट, 'नमो क्रिकेट लीग' में बल्ले पर आजमाया हाथ, युवाओं को दिलाई नशामुक्ति की शपथ

पंचकूला में सीएम धामी ने खेला क्रिकेट, 'नमो क्रिकेट लीग' में बल्ले पर आजमाया हाथ, युवाओं को दिलाई नशामुक्ति की शपथ

CM Dhami Panchkula: खेल का मैदान केवल हार-जीत तय करने की जगह नहीं होता, बल्कि यह अनुशासन, टीम वर्क और जीवन को सही दिशा देने की सबसे बड़ी पाठशाला है। इसी संदेश को धरातल पर उतारते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को पंचकूला के प्रतिष्ठित ताऊ देवीलाल क्रिकेट स्टेडियम पहुंचे। मौका था राष्ट्रीय स्तर की ‘नमो क्रिकेट लीग’ का, जहां सीएम धामी ने न सिर्फ युवाओं का उत्साहवर्धन किया बल्कि खुद हाथों में बल्ला थामकर पिच पर उतरे और क्रिकेट का जमकर आनंद लिया।

मुख्यमंत्री को अपने बीच अचानक एक खिलाड़ी की भूमिका में देखकर स्टेडियम में मौजूद युवाओं और खेलप्रेमियों का उत्साह दोगुना हो गया।

30 से अधिक टीमों का जमावड़ा, सीएम बोले— जीवन में लत लगानी है तो फिटनेस की लगाओ

पंचकूला में आयोजित ‘नमो क्रिकेट लीग’ में देश के अलग-अलग हिस्सों से आई 30 से अधिक टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों से सीधे संवाद करते हुए सीएम धामी ने कहा, “खेल के मैदान में उतरने का आनंद ही कुछ अलग होता है। खेल हमें सिखाते हैं कि कैसे किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ना पड़ता है।”

खिलाड़ियों को नशे के खिलाफ जागरूक करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘नमो क्रिकेट लीग’ का नारा— ‘क्रिकेट को हां और नशे को ना’ सिर्फ एक स्लोगन नहीं है, बल्कि यह एक स्वस्थ और अनुशासित समाज के निर्माण का संकल्प है। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा, “अगर जिंदगी में कोई लत लगानी ही है, तो खेल और फिटनेस की लगाओ। अगर कोई जुनून पालना है, तो अपने सपनों को हासिल करने का जुनून पालो। युवा शक्ति की ऊर्जा नशे में नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और खेल के मैदान में लगनी चाहिए।”

‘अब खेलोगे-कूदोगे तो बनोगे लाजवाब’, हरियाणा की खेल माटी की सराहना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ अभियानों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में खेलों को लेकर सोच पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने कहा, “एक दौर था जब लोग कहते थे— पढ़ोगे-लिखोगे तो बनोगे नवाब, खेलोगे-कूदोगे तो होगे खराब। लेकिन आज भारत में यह सोच बदल गई है। अब कहा जा सकता है कि— खेलोगे-कूदोगे तो बनोगे लाजवाब।”

इस दौरान सीएम धामी ने हरियाणा की खेल संस्कृति की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि हरियाणा की पावन माटी ने देश को ऐसे-ऐसे धुरंधर खिलाड़ी दिए हैं, जिन्होंने ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियन गेम्स और राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का परचम फहराया है।

नशामुक्त समाज का दिया सामूहिक संकल्प

कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्टेडियम में मौजूद सभी खिलाड़ियों, कोचों और दर्शकों को नशे के खिलाफ जंग में साथ आने का संकल्प दिलाया। सीएम ने कहा कि जब एक युवा नशे से बचता है, तो एक परिवार बचता है, और जब परिवार मजबूत होता है, तो एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण होता है। सीएम के साथ पूरी खेल मंडली ने एक स्वर में ‘नशे को ना, खेल को हां’ का संकल्प दोहराया।

यह भी पढ़ें–Haryana Weather Update: हरियाणा में मानसून की विदाई, जानें 6 और 7 अक्टूबर को कहां होगी बारिश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed