Crime Patrol: क्राइम पेट्रोल में अजय देवगन की एंट्री पर अनूप सोनी का बड़ा बयान, “जब तक इससे बड़ा कुछ नहीं आता, लोग…”मुझे एंकर ही याद रखेंगे”

क्राइम पेट्रोल में अजय देवगन की एंट्री पर अनूप सोनी का बड़ा बयान, "जब तक इससे बड़ा कुछ नहीं आता, लोग..."
Crime Patrol: सच्ची आपराधिक घटनाओं पर आधारित छोटे पर्दे के सबसे चर्चित और लोकप्रिय शो ‘क्राइम पेट्रोल’ के नए सीजन का प्रोमो सामने आते ही फैंस हैरान रह गए हैं। इस बार शो के नए सीजन की कमान किसी टीवी एंकर के हाथ में नहीं, बल्कि बॉलीवुड के ‘सिंघम’ यानी अजय देवगन के हाथों में होगी। प्रोमो में अजय देवगन का सीरियस और दमदार अंदाज नजर आ रहा है, जिसके साथ ही उनका छोटे पर्दे पर डेब्यू भी तय हो गया है। हालांकि, अजय देवगन की इस एंट्री के साथ ही लंबे समय तक इस शो का चेहरा रहे अभिनेता अनूप सोनी की छुट्टी हो गई है।
अनूप सोनी ने सालों तक अपनी संजीदा एंकरिंग, डायलॉग डिलीवरी और सतर्क करने वाले अंदाज से ‘क्राइम पेट्रोल’ को घर-घर में एक खास मुकाम दिलाया। अब शो में बदलाव और अजय देवगन की एंट्री पर खुद अनूप सोनी ने अपनी चुप्पी तोड़ी है।
View this post on Instagram
“क्राइम पेट्रोल ने बालिका वधू की छवि को भी पीछे छोड़ दिया”
हाल ही में समाचार एजेंसी एएनआई (ANI) से बातचीत करते हुए अनूप सोनी ने कहा कि एक अभिनेता के तौर पर आप भले ही अपने करियर में दर्जनों किरदार निभा लें, लेकिन दर्शक आपको उसी पहचान से याद रखते हैं जो सबसे ज्यादा लोकप्रिय होती है। अनूप ने अपना उदाहरण देते हुए कहा, “क्राइम पेट्रोल से पहले लोग मुझे आइकॉनिक टीवी शो ‘बालिका वधू’ के भैरव सिंह के किरदार से पहचानते थे। लेकिन जैसे ही क्राइम पेट्रोल हिट हुआ, दर्शकों के दिमाग से बालिका वधू की छवि पीछे छूट गई और लोग मुझे क्राइम पेट्रोल वाले अनूप सोनी के नाम से जानने लगे।”
अनूप सोनी ने आगे कहा, “अब जब तक मेरे करियर में क्राइम पेट्रोल से भी बड़ा या धमाकेदार कोई प्रोजेक्ट नहीं आ जाता, तब तक मैं चाहे कितना भी काम कर लूं, लोग मुझे इसी शो के लिए याद रखेंगे।”
अनिल कपूर की सलाह: ‘पॉपुलर इमेज से भागो मत, उसे अपनाओ’
इंटरव्यू के दौरान अनूप सोनी ने बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर से मिली एक खास सलाह को याद किया। उन्होंने बताया कि हर कलाकार के करियर में कुछ प्रोजेक्ट्स ऐसे आते हैं जो उसका टर्निंग पॉइंट बन जाते हैं। ऐसे में उस बनी-बनाई छवि से भागने या उससे नफरत करने के बजाय एक एक्टर को उसे सहर्ष स्वीकार कर लेना चाहिए।
अनूप ने कहा, “अगर कोई शो या किरदार जनता के बीच इतना पॉपुलर हो गया है, तो उससे दूरी बनाने के बजाय उसे अपनी उपलब्धि मानकर स्वीकार कर लेना चाहिए। किसी भी कलाकार की इमेज उसके काम, फिल्मों और वेब सीरीज के चुनाव से ही तय होती है।” फिलहाल, अनूप सोनी के इस बयान और अजय देवगन के नए अंदाज के बीच ‘क्राइम पेट्रोल’ के आगामी सीजन को लेकर दर्शकों की उत्सुकता काफी बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें- खूबसूरत त्वचा के लिए खून से फेशियल! शहनाज ट्रेजरी ने करवाया वैम्पायर फेशियल, जानिए पूरा प्रोसेस
