Faridabad CNG Pump Blast: फरीदाबाद के सूरजकुंड रोड पर उस वक्त चीख-पुकार मच गई जब एक बीपीसीएल (BPCL) सीएनजी पंप पर गैस भरवा रहे टाटा डंपर का सिलेंडर अचानक भीषण धमाके के साथ फट गया। (Surajkund Road CNG Explosion) धमाका इतना जोरदार था कि इसकी आवाज आसपास के कई किलोमीटर के दायरे में सुनाई दी। हादसे के वक्त पंप पर मौजूद कर्मचारियों और वाहन चालकों में हड़कंप मच गया और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना सूरजकुंड परिसर के पास स्थित सीएनजी पंप की है। यहां एक टाटा डंपर चालक अपनी गाड़ी में सीएनजी भरवाने के लिए आया था। पंप ऑपरेटर जैसे ही डंपर में नोजल लगाकर गैस भरने लगा, तभी डंपर के नीचे लगे चार सीएनजी सिलेंडरों में से एक सिलेंडर अचानक फट गया।
100 मीटर दूर जाकर गिरा सिलेंडर का हिस्सा, सीएनजी मशीन के उड़े परखच्चे
धमाके का प्रभाव इतना प्रचंड था कि गैस सिलेंडर के परखच्चे उड़ गए। फटा हुआ सिलेंडर दो हिस्सों में बंट गया, जिसमें से एक हिस्सा हवा में उछलता हुआ काफी दूर जा गिरा, जबकि दूसरा हिस्सा सीधे सीएनजी डिस्पेंसिंग मशीन से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि जमीन में फिक्स सीएनजी मशीन उखड़कर नीचे गिर पड़ी और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
गनीमत यह रही कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त पंप पर अन्य गाड़ियाँ कम संख्या में मौजूद थीं, वरना एक बड़ा अग्निकांड हो सकता था। धमाके के बाद पंप पर अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारियों ने तुरंत इमरजेंसी स्विच दबाकर गैस की मुख्य सप्लाई को बंद किया।
सिर, कान और पैर में आई चोटें, पुलिस कर रही तकनीकी जांच
इस दर्दनाक हादसे में डंपर चालक, उसका सहायक (क्लीनर) और पंप पर तैनात ऑपरेटर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में डंपर चालक के सिर में गहरी चोट आई है, जबकि उसके साथी के कान पर चोट लगी है। (Dumper Cylinder Blast Faridabad) वहीं मशीन के पास खड़े ऑपरेटर के पैर में चोट आई है। घटना के तुरंत बाद तीनों घायलों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत खतरे से बाहर बताई है।
हादसे की सूचना मिलते ही सूरजकुंड थाना पुलिस की टीम दमकल की गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची। सूरजकुंड थाना प्रभारी (SHO) प्रहलाद ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जांच में हादसा डंपर में लगे सीएनजी सिलेंडर के फटने से होना सामने आया है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम इस बात की जांच कर रही है कि सिलेंडर में कोई तकनीकी खराबी थी, गैस का प्रेशर ज्यादा था या फिर सिलेंडर की टेस्टिंग मियाद पूरी हो चुकी थी।
यह भी पढ़ें–Jhajjar News: झज्जर में भीमेश्वरी मंदिर के पास गंदगी पर भड़के लोग, पालिका गेट पर पलटी कचरे से भरी ट्रॉली

