फरीदाबाद। हाईटेक होती दुनिया के बीच साइबर अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी बानगी फरीदाबाद में देखने को मिली है। यहां की आईपी कॉलोनी के रहने वाले रुशिल नाम के एक युवक को सोशल मीडिया पर अनजान चेहरे से दोस्ती करना बेहद भारी पड़ गया।
शातिर ठगों ने महज 48 घंटे के भीतर युवक को मानसिक तौर पर इस कदर प्रताड़ित किया कि उसने अपनी साख बचाने के लिए एक लाख रुपए अपराधियों के हवाले कर दिए। यह मामला सीधे तौर पर ‘सेक्सटॉर्शन’ का है, जिसमें लोक-लाज के डर का फायदा उठाकर लोगों को आर्थिक रूप से कंगाल किया जाता है।
बातों के जाल से लेकर अश्लील रिकॉर्डिंग तक का खेल
वारदात का सिलसिला बीते 16 जून से शुरू हुआ। पीड़ित रुशिल की इंस्टाग्राम पर एक अज्ञात महिला की प्रोफाइल से बातचीत शुरू हुई। चंद घंटों की मीठी बातों के बाद अगले ही दिन यानी 17 जून को यह बातचीत वॉट्सएप वीडियो कॉल तक पहुंच गई।
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, वीडियो कॉल पर मौजूद महिला ने रुशिल को अपनी बातों में उलझाकर कपड़े उतारने के लिए उकसाया। युवक जब तक इस चाल को समझ पाता, स्क्रीन के पार बैठे गिरोह के सदस्यों ने उसकी न्यूड वीडियो रिकॉर्ड कर ली। इसके तुरंत बाद असली खेल शुरू हुआ और एक युवक ने रुशिल को फोन कर वीडियो रिश्तेदारों को भेजने की धमकी देकर पैसों की डिमांड शुरू कर दी।
ब्लैकमेलिंग के आगे बेबसी और पुलिसिया कार्रवाई
बदनामी और समाज में थू-थू होने के डर से पीड़ित इस कदर घबरा गया कि उसने बिना सोचे-समझे आरोपियों के बताए अलग-अलग बैंक खातों में कुल एक लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। इसके बावजूद जब ठगों की तरफ से और पैसों के लिए दबाव बनाया जाने लगा, तब पीड़ित ने हिम्मत जुटाई और राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर ‘1930’ पर संपर्क साधा।
फरीदाबाद सेंट्रल के साइबर अपराध थाने ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब उन बैंक खातों के ट्रांजैक्शन और आईपी एड्रेस को ट्रैक कर रही है, जिनके जरिए इस ठगी को अंजाम दिया गया।

