फरीदाबाद। हरियाणा के औद्योगिक शहर फरीदाबाद में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात नगर निगम की टीम ने एक बड़े अभियान के तहत एनआईटी-3 मस्जिद चौक के पास बने शिव मंदिर, एक मस्जिद और अन्य अवैध ढांचों को बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) के कड़े आदेशों के बाद प्रशासनिक अमला रात करीब 2 बजे ही पूरी तैयारी के साथ मस्जिद चौक पहुंच गया था। कानून व्यवस्था न बिगड़े, इसके लिए पूरे इलाके को बैरिकेडिंग करके सील कर दिया गया और चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
विकास परियोजनाओं की राह में रोड़ा बन रहे थे 40 साल पुराने ढांचे
अधिकारियों के मुताबिक, जिस जगह यह कार्रवाई की गई है, वहां से बेहद महत्वपूर्ण एलिवेटेड रोड का निर्माण होना तय हुआ है। इसके साथ ही गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा रूट को जोड़ने वाले नमो भारत आरआरटीएस (रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम) कॉरिडोर का हिस्सा भी इसी क्षेत्र से होकर गुजरना है। ढहाए गए धार्मिक ढांचे और अन्य निर्माण करीब 30 से 40 साल पुराने थे और पुरातत्व विभाग की जमीन पर बने हुए थे। निगम प्रशासन का कहना है कि मंदिर और मस्जिद की कमेटियों को स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने के लिए पहले कई बार कानूनी नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन जब निर्माण नहीं हटाए गए तो मजबूरन यह सख्त कदम उठाना पड़ा।
अफवाहें रोकने के लिए इंटरनेट सेवा बंद, गृह विभाग ने जारी किए आदेश
इस संवेदनशील तोड़फोड़ कार्रवाई के दौरान शहर का माहौल खराब न हो और सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भड़काऊ सामग्री या अफवाहें न फैलें, इसके लिए सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। गृह विभाग की अतिरिक्त सचिव डॉ. वंदना दिसोदिया द्वारा जारी विशेष आदेश के तहत फरीदाबाद के एनआईटी क्षेत्र में शनिवार रात 10 बजे तक इंटरनेट सेवाओं को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे वॉट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर पैनी नजर रख रही हैं ताकि शांति व्यवस्था कायम रहे।
सड़कों पर कड़ा पहरा, दिल्ली-गुरुग्राम जाने वाले ट्रैफिक के रूट बदले
महाअभियान के चलते फरीदाबाद की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि शनिवार दोपहर बाद तक मेट्रो मोड़ से ईएसआई चौक, मस्जिद चौक और सैनिक कॉलोनी रेड लाइट की तरफ जाने वाले रास्ते पूरी तरह बंद रखे गए हैं। डीसीपी एनआईटी दफ्तर से मुल्ला होटल जाने वाले मार्ग पर भी गाड़ियों की एंट्री बैन है।
ट्रैफिक पुलिस ने चालकों की सहूलियत के लिए एडवाइजरी जारी कर वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है। गुरुग्राम जाने वाले भारी वाहनों को बड़खल, अंखीर चौक, एमवीएन चौक और पाली रोड की तरफ भेजा जा रहा है। वहीं, कार और बाइक जैसे हल्के वाहनों को बीके चौक, पटेल चौक और सैनिक कॉलोनी के अंदरूनी रास्तों से निकाला जा रहा है।

