Fatehabad Crime: फतेहाबाद में खूनी रंजिश, भूना मोड़ पर 25 युवकों ने 5 दोस्तों पर बोला हमला, एक की टांग तोड़ी
फतेहाबाद में खूनी रंजिश, भूना मोड़ पर 25 युवकों ने 5 दोस्तों पर बोला हमला, एक की टांग तोड़ी
Fatehabad Crime: फतेहाबाद शहर के भूना मोड़ (Fatehabad Bhuna Mod Attack) पर बीते देर रात उस समय दहशत का माहौल बन गया, जब पैसों के लेनदेन की रंजिश में 20 से 25 युवकों के एक गुट ने 5 युवकों पर जानलेवा हमला बोल दिया। हमलावर हाथों में लोहे की रॉड, लाठी और डंडे लेकर पहुंचे थे। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरातफरी मच गई। जान बचाने की नीयत से 4 युवक तो भागने में सफल रहे, लेकिन हैप्पी नाम का युवक हमलावरों के हत्थे चढ़ गया।
हमलावरों ने हैप्पी की बेरहमी से पिटाई की और ताबड़तोड़ वार कर उसकी टांग तोड़ दी। इस दौरान पीड़ितों की दोनों मोटरसाइकिलों को भी लोहे की रॉड से मारकर चकनाचूर कर दिया गया। घटना के तुरंत बाद गंभीर रूप से घायल हैप्पी को लहूलुहान हालत में नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे बड़े अस्पताल रेफर कर दिया। घटना से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर के बाहर जमकर हंगामा भी किया।
सुंदर नगर तक किया पीछा, ससुराल में किया पथराव और आईफोन तोड़ा
घटना के चश्मदीद और पीड़ित रिपन मेहता (Ripan Mehta Fatehabad) (निवासी बरसीन, हाल निवासी आरके कॉलोनी) ने बताया कि वह अपने दोस्त हैप्पी और तीन अन्य साथियों के साथ दो बाइकों पर सवार होकर हिसार रोड से आ रहा था। जैसे ही वे भूना मोड़ पहुंचे, पूर्व से रंजिश रख रहे सतीश नाम के व्यक्ति ने अपने दर्जनों साथियों के साथ उन्हें चारों तरफ से घेर लिया और सीधा हमला कर दिया।
रिपन के अनुसार, हमलावरों ने उसके साथ हाथापाई की, जिससे उसका महंगा आईफोन नीचे गिरकर टूट गया। इसके बाद जब रिपन अपनी जान बचाकर भागा, तो आरोपी उसका पीछा करते हुए उसके ससुराल सुंदर नगर तक पहुंच गए। वहां हमलावरों ने घर के बाहर जमकर हुड़दंग मचाया और हल्का पथराव भी किया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पैसों के लेनदेन का विवाद, पुलिस जांच में जुटी
पीड़ित रिपन ने बताया कि उसका सतीश के साथ कुछ समय से पैसों (Money Dispute Attack) के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। रिपन को सतीश से अपने बकाये पैसे वापस लेने थे, इसी खुन्नस के चलते आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस पूरी वारदात की साजिश रची और हमला किया।
उधर, सूचना मिलते ही फतेहाबाद पुलिस (Fatehabad Police Investigation) की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित पक्ष के बयानों को कलमबद्ध किया जा रहा है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।
