Goindwal Sahib Firing : तरनतारन जिले की पवित्र एवं ऐतिहासिक नगरी श्री गोइंदवाल साहिब में बेखौफ अपराधियों और गैंगस्टरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। शहर में ‘वाहेगुरु एंटरप्राइजेज’ और एक सेंटर चलाने वाले प्रमुख कारोबारी राजविंदर सिंह के घर पर 15 अक्टूबर की देर रात अज्ञात हमलावरों ने दोबारा अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं।
गनीमत यह रही कि गोलीबारी के दौरान परिवार का कोई सदस्य मुख्य द्वार के पास मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, इस दूसरी वारदात के बाद स्थानीय दुकानदारों और निवासियों में भारी डर और गुस्सा देखा जा रहा है।
पहली वारदात के बाद मांगी गई थी फिरौती, सीसीटीवी में कैद हुए नकाबपोश हमलावर
मिली जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले भी बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने कारोबारी के घर के मुख्य गेट को निशाना बनाते हुए फायरिंग की थी। वह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में साफ तौर पर रिकॉर्ड हो गई थी। पीड़ित परिवार ने खुलासा किया कि पहली घटना के बाद से ही उन्हें लगातार अनजान नंबरों से जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं और 1 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की जा रही थी। रंगदारी की रकम न चुकाने की सूरत में अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गई थी।
थाना प्रभारी की कार्यशैली पर खड़े हुए गंभीर सवाल, सुरक्षा न देने का आरोप
पीड़ित कारोबारी राजविंदर सिंह ने स्थानीय पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप मढ़े हैं। उन्होंने बताया कि पहली बार हुई गोलीबारी के बाद उन्होंने अपने परिवार की जान-माल की हिफाजत के लिए स्थानीय थाना प्रमुख (SHO) से बार-बार संपर्क साधने की कोशिश की। पीड़ित का आरोप है कि मैडम थाना प्रभारी ने न तो उनका फोन उठाना मुनासिब समझा और न ही मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कोई सुरक्षा मुहैया कराई। पीड़ितों का कहना है कि पुलिस की इसी ढिलाई का फायदा उठाकर बेखौफ हमलावरों ने दोबारा वारदात को अंजाम दे दिया।
एसएसपी सुरिंदर लांबा का भरोसा : जल्द बेनकाब होंगे हमलावर
इस सनसनीखेज वारदात और पुलिस पर लगे आरोपों को लेकर जब जिला पुलिस प्रमुख (एसएसपी) सुरिंदर लांबा से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि मामला पुलिस के संज्ञान में है और इसे बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। एसएसपी ने बताया कि हमलावरों को ट्रैस करने के लिए पुलिस की विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी इनपुट्स के आधार पर रेड कर रही हैं।
इसके अलावा अन्य खुफिया और जांच एजेंसियों को भी केस सुलझाने में लगाया गया है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही इस पूरी साजिश का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

