गुरुग्राम। दिल्ली-एनसीआर के सबसे व्यस्त औद्योगिक क्षेत्रों में से एक, गुरुग्राम के आईएमटी मानेसर सेक्टर-1 से एक बेहद खौफनाक वीडियो सामने आया है। यहाँ की मुख्य मार्केट में एक मारुति स्विफ्ट कार के ड्राइवर ने सरेआम ऐसी खतरनाक स्टंटबाजी की, जिससे बाजार में खरीदारी करने आए राहगीरों और वहां घूम रहे बेजुबान कुत्तों की जान पर बन आई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को देखकर साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि आजकल रील बनाने और चंद लाइक्स पाने के चक्कर में युवा किस कदर कानून और इंसानी जिंदगी को ताक पर रख रहे हैं।
बेजुबानों को कुचलने की कोशिश, दहशत में आए राहगीर
वायरल वीडियो में एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार बाजार के बीचों-बीच टायर चटकाते हुए गोल-गोल घूमती नजर आ रही है। कार की रफ्तार इतनी तेज और असंतुलित थी कि वहां बैठे आवारा कुत्ते डर के मारे जान बचाकर भागने लगे। हद तो तब हो गई जब सनकी ड्राइवर ने भागते हुए इन कुत्तों के पीछे गाड़ी दौड़ा दी और उन्हें कुचलने की कोशिश की।
दो बार तो कुत्ते बिल्कुल कार के पहियों के नीचे आने से बचे। स्थानीय निवासी जसवंत यादव ने बताया कि उस वक्त बाजार में अच्छी-खासी भीड़ थी। कार को इस तरह अनियंत्रित तरीके से ड्रिफ्ट होते देख पैदल चल रहे खरीदारों में भगदड़ मच गई और लोगों ने दुकानों के भीतर छिपकर अपनी जान बचाई।
व्यापारियों में गुस्सा, गुरुग्राम पुलिस से सख्त एक्शन की मांग
इस पूरी घटना के बाद से आईएमटी मानेसर सेक्टर-1 मार्केट के दुकानदारों और स्थानीय निवासियों में गहरा रोष है। व्यापारियों का साफ कहना है कि व्यस्त बाजारों को कुछ बिगड़ैल रईसजादों ने रेस ट्रैक समझ लिया है, जिससे कभी भी कोई बड़ा और जानलेवा हादसा हो सकता है।
इस मामले में पशु प्रेमियों ने भी सोशल मीडिया पर गुरुग्राम पुलिस को टैग करते हुए आरोपी ड्राइवर की पहचान कर उसकी गाड़ी सीज करने और सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक इस मामले पर गुरुग्राम पुलिस की तरफ से कोई आधिकारिक बयान या कार्रवाई की पुष्टि नहीं हो पाई थी।

