Haryana Roadways News: हरियाणा रोडवेज की लेचर व्यवस्था का खामियाजा एक बार फिर स्कूली नौनिहालों को भुगतना पड़ रहा है। हांसी उपमंडल के गांव घिराए में शुक्रवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दर्जनों स्कूली छात्रों ने सड़क पर उतरकर नारेबाजी शुरू कर दी। छात्रों ने खानपुर से हिसार की तरफ जा रही सुबह की रोडवेज बस को बीच रास्ते में ही रोक दिया। विद्यार्थियों का कहना था कि पिछले करीब एक हफ्ते से दोपहर 2:40 बजे हिसार से खानपुर जाने वाली बस को बिना किसी पूर्व सूचना के बंद कर दिया गया था।
छुट्टी के बाद गांव लौटने का संकट, शिकायतों का नहीं हुआ असर
विरोध जता रहे छात्र-छात्राओं ने बताया कि दोपहर की बस बंद होने के अलावा सुबह 9 बजे हिसार से गांव की तरफ आने वाली बस भी लंबे समय से ठप्प पड़ी है। ऐसे में स्कूल की छुट्टी होने के बाद अपने गांव लौटने के लिए उन्हें घंटों तक साधन का इंतजार करना पड़ता था या पैदल ही भटकना पड़ता था। छात्रों ने आरोप लगाया कि इस समस्या को लेकर वे पहले भी हरियाणा रोडवेज के उच्च अधिकारियों से गुहार लगा चुके थे, लेकिन अधिकारियों ने उनके ज्ञापन और शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दिया।
सरपंच प्रतिनिधि ने संभाला मोर्चा, डिपो इंचार्ज से कराई बात
सुबह करीब 8:30 बजे जैसे ही बस रोकने की खबर फैली, घिराए गांव के सरपंच प्रतिनिधि संदीप कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित छात्रों को शांत कराया और हिसार रोडवेज डिपो के ड्यूटी इंचार्ज पवन से फोन पर बात की। ड्यूटी इंचार्ज ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि नगर परिषद कर्मचारियों की हड़ताल के कारण रोडवेज के कुछ ड्राइवरों की ड्यूटी नपा में लगाई गई थी, जिसके चलते ड्राइवर शॉर्टेज से ये रूट प्रभावित हुए।
आश्वासन के बाद खुला रास्ता, नियमित संचालन की मांग
डिपो इंचार्ज पवन द्वारा शुक्रवार दोपहर 2:40 बजे वाली बस सेवा को तत्काल प्रभाव से बहाल करने का लिखित व मौखिक आश्वासन दिए जाने के बाद छात्रों का गुस्सा शांत हुआ। अधिकारी ने भरोसा दिलाया कि नगर परिषद का मसला हल होते ही सुबह 9 बजे की बस भी शुरू कर दी जाएगी। इसके बाद सुबह लगभग 9:15 बजे छात्रों ने बस को हिसार के लिए रवाना होने दिया। ग्रामीणों और छात्रों ने दोनो टाइम की बसों के पक्के और नियमित शेड्यूल की मांग की है।
यह भी पढ़ें– Sonipat News: ACB की रेड की भनक लगते ही एसआई ने छत से लगाई छलांग, दोनों पैर टूटे

