Haryana Bus Stand: हरियाणा बस अड्डों पर गंदे शौचालयों पर अनिल विज का बड़ा एक्शन, अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी

हरियाणा बस अड्डों पर गंदे शौचालयों पर अनिल विज का बड़ा एक्शन, अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी
Haryana Bus Stand: हरियाणा के बस अड्डों पर सफर करने वाले लाखों यात्रियों को अब बदबूदार, गंदे और ताले लगे शौचालयों की समस्या से मुक्ति मिल सकती है। प्रदेश के परिवहन मंत्री अनिल विज ने बस अड्डों की इस बदहाली को लेकर कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। परिवहन विभाग के प्रधान सचिव समेत तमाम आला अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में विज ने स्पष्ट कर दिया कि यात्रियों की मौलिक सुविधाओं में कोताही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ताले लटके मिले या बदबू आई तो गिरेगी गाज
विज के पास लंबे समय से यह शिकायतें पहुंच रही थीं कि प्रदेश के कई छोटे-बड़े शहरों के बस अड्डों पर या तो शौचालयों में गंदगी का अंबार लगा रहता है या फिर उन पर ताले लटका दिए जाते हैं। इस वजह से सबसे ज्यादा फजीहत महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को झेलनी पड़ती है।
बैठक में अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए परिवहन मंत्री ने कहा, “मुझे लगातार जिलों से जमीनी फीडबैक मिल रहा है। केवल बैठकों का दौर चलाने और कागजी औपचारिकताएं पूरी करने से काम नहीं चलेगा। बस अड्डों की हालत सुधरनी चाहिए और बदलाव मौके पर नजर आना चाहिए।”
निजी एजेंसियों को सौंपी जाएगी जिम्मेदारी, बजट की नहीं होगी कमी
परिवहन मंत्री ने अधिकारियों को विकल्प देते हुए कहा कि अगर विभागीय अमला नियमित सफाई व्यवस्था संभालने में नाकाम साबित हो रहा है, तो बिना देर किए निजी एजेंसियों को आउटसोर्सिंग के जरिए काम सौंपा जाए। इसके लिए तुरंत टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता को स्वच्छ और गरिमापूर्ण सुविधाएं देने में बजट की कोई कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि टेंडर लेने वाली कंपनियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। काम में ढिलाई बरतने वाले ठेकेदारों पर न केवल मोटा जुर्माना ठोका जाएगा, बल्कि उन्हें ब्लैकलिस्ट भी किया जाएगा।
‘अफसरों के ट्रांसफर से काम नहीं रुकना चाहिए’
विज ने प्रशासनिक अधिकारियों के ढुलमुल रवैये पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि किसी अफसर के तबादले, नए पद पर आने या सेवानिवृत्त होने से जनता की सुविधाओं का काम प्रभावित नहीं होना चाहिए। जिन भी कर्मचारियों की जवाबदेही बस अड्डों के रख-रखाव की है, उन्हें हर हाल में अपनी ड्यूटी पूरी करनी होगी।
मंत्री ने आदेश दिए कि जिन-जिन बस अड्डों पर शौचालयों पर ताले लगे हैं, उन्हें तुरंत खुलवाया जाए और 24 घंटे उनकी सफाई और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अपने औचक निरीक्षणों के लिए जाने जाने वाले अनिल विज के इस कड़े फैसले के बाद अब विभाग में हड़कंप का माहौल है।
यह भी पढ़ें– Gurugram News: गुरुग्राम की जलमग्न सड़क पर उतरे CARS24 की नाव, पुलिस ने सीज कर ठोका ₹50,000 का चालान
