हरियाणा। अगर आप इस बार हरियाणा के किसी कॉलेज से ग्रेजुएशन करने की सोच रहे हैं और अभी तक फॉर्म नहीं भरा है, तो तुरंत सचेत हो जाएं। राज्य के डिग्री कॉलेजों में सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया आगामी 31 मई को बंद होने जा रही है। कॉलेज प्रशासनों ने छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते अपना रजिस्ट्रेशन पूरा कर लें। ऐन वक्त पर पोर्टल पर ट्रैफिक बढ़ने से सर्वर डाउन होने की समस्या आम है, जिससे कई होनहार छात्र अपनी मनपसंद सीट पाने से चूक जाते हैं।
तकनीकी शिक्षा की तरफ झुकाव, खाली रह सकती हैं पारंपरिक सीटें
इस बार की दाखिला प्रक्रिया में एक बेहद दिलचस्प ट्रेंड देखने को मिल रहा है। रजिस्ट्रेशन की डेडलाइन बिल्कुल नजदीक होने के बावजूद बीए और बीएससी जैसे पारंपरिक पाठ्यक्रमों में आवेदन की रफ्तार उम्मीद से काफी कम है। भिवानी के शिक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि आज का युवा लीक से हटकर सोचने लगा है। रोजगार के बदलते अवसरों के बीच छात्रों का झुकाव अब तकनीकी और जॉब-ओरिएंटेड कोर्सों की तरफ तेजी से बढ़ा है। यही वजह है कि आर्ट्स और साइंस के कोर सब्जेक्ट्स में सीटें भरने के लिए इस बार कॉलेजों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ सकती है। पहली लिस्ट के बाद जो सीटें खाली रहेंगी, उनके लिए विभाग बाद में काउंसलिंग का विशेष दौर चलाएगा।
एमएनएस कॉलेज में संडे को भी काम, फ्री होगा रजिस्ट्रेशन
छात्रों को फॉर्म भरने में कोई तकनीकी दिक्कत न आए, इसके लिए भिवानी के एमएनएस राजकीय महाविद्यालय ने विशेष इंतजाम किए हैं। कॉलेज के उप प्राचार्य जगबीर मान ने बताया कि ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों से आने वाले बच्चों की मदद के लिए कॉलेज परिसर में बकायदा एक हेल्प डेस्क और सब्जेक्ट काउंसलिंग सेल बनाई गई है। यहां अनुभवी प्रोफेसर छात्रों को उनकी रुचि के हिसाब से सही सब्जेक्ट चुनने में मदद कर रहे हैं। बड़ी बात यह है कि कॉलेज में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा बिल्कुल मुफ्त है और इस रविवार को भी सुबह 9:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक कॉलेज का दाखिला काउंटर खुला रहेगा।
इन जरूरी कागजातों को रखें तैयार, तभी पक्का होगा एडमिशन
आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे फॉर्म भरने से पहले अपने सभी जरूरी दस्तावेजों की जेरोक्स और ओरिजिनल कॉपी संभालकर रख लें। दाखिले के समय छात्रों को 10वीं और 12वीं कक्षा की मूल मार्कशीट, हरियाणा का रिहायशी प्रमाणपत्र (डोमिसाइल), पासपोर्ट साइज फोटो के साथ-साथ परिवार पहचान पत्र (PPP) और पहचान से जुड़े अन्य अनिवार्य सरकारी दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। अगर इन दस्तावेजों में कोई विसंगति पाई जाती है, तो मेरिट लिस्ट में नाम आने के बावजूद कॉलेज आपका दाखिला रद्द कर सकता है।

