हरियाणा। हरियाणा में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ी और अहम खबर है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने बीते दिन जारी ग्रुप-डी भर्ती-2026 के नोटिफिकेशन के बाद आज से ऑनलाइन आवेदन की विंडो ओपन कर दी है। प्रदेश के जो भी योग्य अभ्यर्थी इस भर्ती परीक्षा में शामिल होना चाहते हैं, वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी दावेदारी पेश कर सकते हैं। आवेदन की आखिरी तारीख 3 जुलाई तय की गई है, जहां रात 11:59 बजे तक ही पोर्टल चालू रहेगा। प्रशासनिक अमले ने युवाओं से अपील की है कि वे अंतिम समय की तकनीकी दिक्कतों से बचने के लिए समय रहते अपना फॉर्म सबमिट कर लें।
चेयरमैन हिम्मत सिंह की नई पहल, सोशल मीडिया पर मांगा अभ्यर्थियों से फीडबैक
भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर अक्सर उठने वाले विवादों और कानूनी अड़चनों को ध्यान में रखते हुए इस बार आयोग ने एक बेहद अलग और सराहनीय रुख अपनाया है। HSSC के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने खुद सोशल मीडिया पर मोर्चा संभालते हुए अभ्यर्थियों से सीधे संवाद की कोशिश की है। उन्होंने एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि सीईटी ग्रुप-डी के इस नोटिफिकेशन को लेकर यदि किसी भी उम्मीदवार के मन में कोई जायज सवाल, शंका या सुधार के लिए कोई सुझाव है, तो वह आयोग द्वारा जारी किए गए गूगल फॉर्म के माध्यम से अपनी बात उन तक पहुंचा सकता है।
पारदर्शिता की तरफ कदम, सुझावों पर समीक्षा के बाद होगा फैसला
अमूमन देखा जाता है कि नोटिफिकेशन जारी होने के बाद नियमों को लेकर कई तरह की विसंगतियां सामने आती हैं, जो बाद में भर्ती लटकने का कारण बनती हैं। चेयरमैन हिम्मत सिंह ने स्पष्ट किया है कि युवाओं से मिलने वाले सभी सुझावों और फीडबैक पर आयोग की तकनीकी टीम पूरी गंभीरता से विचार करेगी। अगर किसी नियम या शर्त में तार्किक सुधार की गुंजाइश दिखती है, तो युवाओं के हित में आवश्यक फैसले भी लिए जा सकते हैं। आयोग के इस कदम को भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और अभ्यर्थियों का भरोसा जीतने की एक अच्छी कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

