Haryana Metro News: हरियाणा में रोजाना लाखों लोग रोजगार, शिक्षा और व्यापार के सिलसिले में एक शहर से दूसरे शहर आवाजाही करते हैं। खासतौर पर दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में हाईवे और सड़कों पर बढ़ते गाड़ियों के दबाव के कारण आम जनता को अक्सर घंटों लंबे जाम से जूझना पड़ता है। (Haryana metro news) इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए राज्य सरकार ने सार्वजनिक परिवहन के ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो लाइन के विस्तार की अंतिम व्यवहार्यता (फीजिबिलिटी) रिपोर्ट को अपनी मंजूरी प्रदान कर दी है।
राज्य स्तर पर मिली इस हरी झंडी के बाद अब विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय को आगामी स्वीकृति के लिए भेज दी गई है। केंद्र से अंतिम मुहर मिलते ही इसके निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, जिससे भविष्य में बल्लभगढ़ और पलवल के बीच सफर करने वाले यात्रियों को सहूलियत मिलेगी।
HMRTC बोर्ड की बैठक में नमो भारत और मेट्रो प्रोजेक्ट्स की समीक्षा
चंडीगढ़ में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (HMRTC) की 66वीं बोर्ड बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रदेश में चल रही और प्रस्तावित तमाम मेट्रो व नमो भारत (RRTS) परियोजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि बल्लभगढ़-पलवल कॉरिडोर राज्य के सबसे महत्वपूर्ण रूटों में से एक है और इसे जल्द धरातल पर उतारने की तैयारी की जा रही है।
इसके अलावा बैठक में दिल्ली-पानीपत-करनाल नमो भारत कॉरिडोर को लेकर भी विस्तृत ब्योरा साझा किया गया। 136.30 किलोमीटर लंबे इस महत्वाकांक्षी कॉरिडोर के निर्माण पर करीब 33,051.15 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। इस पूरे रूट पर कुल 17 स्टेशन बनाए जाएंगे, जबकि भविष्य में यात्रियों की संख्या को देखते हुए चार अतिरिक्त स्टेशन बनाने का प्रावधान भी इसमें रखा गया है।
गुरुग्राम से नोएडा तक का सफर होगा आसान, सेक्टर-56 से पचगांव तक बिछेगा जाल
एनसीआर में रीजनल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा-ग्रेटर नोएडा नमो भारत कॉरिडोर पर भी तेजी से काम जारी है। गुरुग्राम और फरीदाबाद क्षेत्र में इसके रूट और प्रस्तावित स्टेशनों को राज्य स्तर पर अंतिम रूप दिया जा चुका है, और सुझावों के लिए रिपोर्ट संबंधित विकास प्राधिकरणों को भेज दी गई है।
दूसरी ओर, गुरुग्राम के भीतर कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए सेक्टर-56 से पचगांव तक 35.25 किलोमीटर लंबा नया एलिवेटेड मेट्रो कॉरिडोर बनाने का खाका तैयार किया गया है। 28 नए स्टेशनों वाले इस रूट को मंजूरी के अंतिम चरण में रखा गया है। खास बात यह है कि पचगांव में इस मेट्रो लाइन को नमो भारत नेटवर्क से सीधे जोड़ा जाएगा। (Delhi Panipat Namo Bharat corridor) HMRTC के प्रबंध निदेशक अजय कुमार ने बताया कि राज्य में मेट्रो की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और अप्रैल से अगस्त 2026 के बीच अकेले गुरुग्राम रैपिड मेट्रो से 88.81 लाख से अधिक यात्री सफर कर चुके हैं।
यह भी पढ़ें– Faridabad News: छात्रा के घर लटका मिला 10वीं के छात्र का शव, परिजनों का हंगामा, पुलिस पर पथराव

