हरियाणा। हरियाणा पुलिस में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) आगामी 15 जून से फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट (PST) शुरू करने जा रहा है। आयोग ने फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (PMT) में पास हुए शुरुआती 6 दिनों के योग्य अभ्यर्थियों की सूची के साथ-साथ उनके एडमिट कार्ड और विस्तृत शेड्यूल भी ऑफिशियल वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। जिन अभ्यर्थियों का नाम इस शुरुआती सूची में नहीं है, उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है; आयोग ने स्पष्ट किया है कि बाकी बचे हुए उम्मीदवारों का शेड्यूल और एडमिट कार्ड जल्द ही अगले चरण में जारी किए जाएंगे।
अभ्यर्थियों के सुझाव पर आयोग का मुहर: शाम नहीं, सिर्फ सुबह होगी परीक्षा
इस बार भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और उम्मीदवारों के अनुकूल बनाने के लिए एचएसएससी ने दो दिन पहले ही एक अनूठी पहल करते हुए अभ्यर्थियों से शिफ्ट को लेकर राय मांगी थी। आयोग की ओर से संकेत दिए गए थे कि परीक्षा एक ही शिफ्ट में होगी। इस सर्वे में कुल 32,087 अभ्यर्थियों ने बढ़-चढ़कर अपना सुझाव दिया। आंकड़े बेहद दिलचस्प रहे; करीब 72.6% उम्मीदवारों ने तपती गर्मी को देखते हुए सुबह की शिफ्ट की वकालत की, जबकि महज 27.4% लोग ही शाम की शिफ्ट के पक्ष में दिखे। युवाओं की इस भारी राय का सम्मान करते हुए आयोग ने सभी का आभार जताया और परीक्षा को सुबह आयोजित करने का फैसला लिया।
सुबह 5 बजे खुलेगा मैदान, समय के पाबंद रहें अभ्यर्थी
भीषण गर्मी और उमस के इस मौसम में अभ्यर्थियों की सेहत को ध्यान में रखते हुए टाइमिंग तय की गई है। अब फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट सुबह 5:00 बजे से शुरू होकर सुबह 9:30 बजे तक संपन्न करा लिया जाएगा। आयोग ने सख्त हिदायत जारी की है कि परीक्षा समय से ठीक आधा घंटा पहले यानी सुबह 4:30 बजे एंट्री गेट को पूरी तरह लॉक कर दिया जाएगा। देर से पहुंचने वाले उम्मीदवारों को दौड़ में शामिल होने का कोई दूसरा मौका नहीं मिलेगा। भर्ती से जुड़ी आगामी सभी तरह की सूचनाएं और जरूरी अपडेट्स के लिए अभ्यर्थियों को लगातार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।

