Haryana Ration Depot: हरियाणा में फिर मिलेगा डिपो से सरसों का तेल, DBT व्यवस्था खत्म, 21 अक्टूबर से बांटेगी सरकार
हरियाणा में फिर मिलेगा डिपो से सरसों का तेल, DBT व्यवस्था खत्म, 21 अक्टूबर से बांटेगी सरकार
Haryana Ration Depot: हरियाणा के करीब 39.89 लाख बीपीएल (BPL) और अंत्योदय अन्न योजना (AAY) कार्ड धारक परिवारों के लिए राशन व्यवस्था से जुड़ी एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत दिए जाने वाले सरसों के तेल की पुरानी व्यवस्था को बहाल कर दिया है।
पिछले कुछ समय से लागू की गई डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) व्यवस्था को खत्म कर अब एक बार फिर राशन डिपो के जरिए सीधे सरसों का तेल उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार ने अगस्त, सितंबर और अक्टूबर 2026—इन तीनों महीनों का बकाया तेल लाभार्थियों तक पहुंचाने की मुकम्मल तैयारी कर ली है।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के महानिदेशक द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, आगामी 21 अक्टूबर से डिपो होल्डरों के माध्यम से सरसों तेल का वितरण शुरू कर दिया जाएगा।
डीबीटी योजना में आ रही दिक्कतों के बाद फैसला वापस
उल्लेखनीय है कि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने अगस्त महीने में सरसों तेल वितरण की प्रक्रिया में बदलाव करते हुए डिपो से तेल देना बंद कर दिया था। इसके बजाय पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के जरिए प्रति माह 250 रुपये भेजने का निर्णय लिया गया था। हालांकि, जमीनी स्तर पर खाते लिंक न होने और भुगतान में देरी जैसी व्यवहारिक समस्याओं को देखते हुए विभाग ने अपने फैसले को बदलते हुए डिपो से ही तेल देने की पुरानी प्रणाली को दोबारा लागू कर दिया है।
इस व्यवस्था के तहत पात्र परिवारों को महज 100 रुपये के रियायती मूल्य पर 2 लीटर कच्ची घानी सरसों का तेल मुहैया कराया जाता है।
पैकिंग में दिखेगा नया रूप, लेकिन नहीं घटेगी तेल की मात्रा
इस बार डिपो से मिलने वाली सरसों तेल की बोतलों की पैकिंग में थोड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। पहले जहां सीधे 1 लीटर या 2 लीटर की पैकिंग में तेल आता था, वहीं इस बार 500 मिलीलीटर (500 ML), 1 लीटर और 1.5 लीटर की बोतलों का कॉम्बिनेशन तैयार किया गया है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि भले ही बोतलों का साइज बदला गया हो, लेकिन लाभार्थी परिवार के हक का कुल 2 लीटर तेल पूरा दिया जाएगा। डिपो होल्डर अलग-अलग साइज की बोतलों का तालमेल बैठाकर निर्धारित मात्रा पूरी करेंगे।
104 लाख लीटर तेल का भारी-भरकम बंदोबस्त, एग्रो इंडस्ट्रीज को निर्देश
प्रदेश के करीब 40 लाख परिवारों को एक साथ तीन महीनों का कोटा बांटने के लिए खाद्य विभाग ने बड़े पैमाने पर तैयारियां की हैं। इसके लिए हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड (HAICL) को करीब 104 लाख लीटर सरसों तेल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के आदेश जारी किए गए हैं।
आंकड़ों के मुताबिक, अकेले अगस्त महीने के बकाये के लिए 8 लाख (500 ML) और 26 लाख (1 लीटर) की बोतलों की जरूरत आंकी गई है। इसी तरह सितंबर और अक्टूबर महीने के लिए भी लाखों की संख्या में आधा लीटर और एक लीटर की बोतलें डिपो तक पहुंचाई जा रही हैं, ताकि 21 अक्टूबर से शुरू होने वाले वितरण में किसी भी तरह की किल्लत न आए।
यह भी पढ़ें–Haryana Weather Update: हरियाणा में मानसून की विदाई, जानें 6 और 7 अक्टूबर को कहां होगी बारिश
