August 15, 2026

Haryana Safai Karamchari: हरियाणा में 8वें दिन भी ठप रही सफाई, फतेहाबाद में गुस्साए कर्मचारियों ने निकाली कचरा ट्रैक्टर की हवा

0
Haryana Safai Karamchari: हरियाणा में 8वें दिन भी ठप रही सफाई, फतेहाबाद में गुस्साए कर्मचारियों ने निकाली कचरा ट्रैक्टर की हवा

हरियाणा में 8वें दिन भी ठप रही सफाई, फतेहाबाद में गुस्साए कर्मचारियों ने निकाली कचरा ट्रैक्टर की हवा

Haryana Safai Karamchari: हरियाणा में अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे नगर पालिका और नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। हड़ताल के आठवें दिन भी प्रदेश के अधिकांश शहरों में सफाई सेवाएं पूरी तरह ठप रहीं। 6 अगस्त से काम बंद कर धरने पर बैठे कर्मचारियों ने साफ कर दिया है कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर कोई ठोस फैसला नहीं लेती, तब तक 15 अगस्त तक उनका प्रदर्शन यूं ही जारी रहेगा। अगर इसके बाद भी बात नहीं बनी, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

फतेहाबाद: कूड़ा उठाने पहुंची गाड़ी घेरी, ट्रैक्टर की निकाली हवा

फतेहाबाद के भूना रोड इलाके में उस वक्त स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब नगर परिषद प्रशासन खुद कूड़ा उठाने मैदान में उतरा। जैसे ही हड़ताली कर्मचारियों को इसकी भनक लगी, बड़ी संख्या में महिला कर्मचारियों समेत करीब 48 सफाईकर्मी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने नारेबाजी करते हुए प्रशासन की ट्रैक्टर-ट्रॉली को घेर लिया। कर्मचारियों के उग्र विरोध को देखते हुए और ट्रैक्टर की हवा निकल जाने के बाद अधिकारियों को बिना कूड़ा उठाए ही उल्टे पांव लौटना पड़ा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि प्रशासन जबरन काम ठप करने की कोशिश न करे।

हांसी: DMC के नोटिस से भड़का आक्रोश, CM को काले झंडे दिखाने की दी चेतावनी

उधर, हांसी में भी अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच तनातनी चरम पर है। डीएमसी लक्षित सरिन द्वारा सफाई कर्मचारी यूनियन के जिला प्रधान बलजीत सिंह को दिए गए कारण बताओ नोटिस ने आग में घी डालने का काम किया है। भड़के कर्मचारियों ने अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिला प्रधान बलजीत सिंह ने ऐलान किया कि छह जिलों के प्रतिनिधि 15 अगस्त को हांसी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के ध्वजारोहण कार्यक्रम में पहुंचेंगे और अपनी मांगों के समर्थन में काले झंडे दिखाकर विरोध दर्ज कराएंगे। इस बीच, सिंचाई विभाग यूनियन के प्रधान अशोक यादव ने भी सफाई कर्मचारियों के आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है।

भिवानी: हजारों टन कूड़ा सड़ा, बीमारियों और जलभराव का बढ़ा खतरा

भिवानी शहर में स्थिति सबसे ज्यादा गंभीर नजर आ रही है। गली-मोहल्लों, मुख्य बाजारों और शिक्षण संस्थानों के बाहर हजारों टन कचरा जमा हो चुका है। बारिश के मौसम में खुले में सड़ रहा यह कचरा नाले-नालियों में बहकर सीवरेज सिस्टम को जाम कर रहा है। स्थानीय व्यापारी नेता पवन बुवानीवाला और राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज ने कहा कि शहर में जमा कचरा अब स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए बड़ा खतरा बन चुका है। नागरिकों और व्यापारी संगठनों ने सरकार से अपील की है कि वे कर्मचारियों के साथ टेबल टॉक्स (वार्ता) कर जल्द से जल्द इस हड़ताल को खत्म कराएं।

यह भी पढ़ें– Haryana Ration Card: हरियाणा में 2 लाख राशन कार्ड ब्लॉक! अगर डिपो से नहीं उठाया राशन तो तुरंत करा लें ये काम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed