हरियाणा। हरियाणा सरकार इन दिनों प्रशासनिक कामकाज को पटरी पर लाने और सरकारी विभागों में कसावट लाने के लिए पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। इसी कड़ी में चंडीगढ़ मुख्यालय से स्कूल शिक्षा विभाग के भीतर एक बड़ा फेरबदल किया गया है। सरकार ने हरियाणा एजुकेशन सर्विस-1 (HES-1) कैडर के चार बेहद वरिष्ठ शिक्षा अधिकारियों के तबादला और नियुक्ति आदेश जारी किए हैं। विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, ये सभी ट्रांसफर लंबे समय से खाली चल रहे पदों को भरने और जिलों में शैक्षणिक व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के उद्देश्य से किए गए हैं।
हिसार, रेवाड़ी और जींद के अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले
इस पूरी लिस्ट में सबसे प्रमुख नाम राम रतन का है, जो अब तक हिसार में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी (DEEO) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। सरकार ने उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें अब पूरे हिसार जिले का जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) नियुक्त कर दिया है।
इसी तरह, रेवाड़ी के जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) बिजेंद्र हुड्डा की जिम्मेदारी बदलते हुए उन्हें जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी (DEEO) रोहतक के पद पर भेजा गया है। जींद की जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) रितु पंघाल के कार्यक्षेत्र में भी बड़ा बदलाव हुआ है, उन्हें अब जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) मदीना (रोहतक) का नया प्राचार्य (प्रिंसिपल) नियुक्त किया गया है।
गुरुग्राम में भी नई कमान, प्रधान सचिव ने दिए तुरंत जॉइनिंग के निर्देश
साइबर सिटी गुरुग्राम के शिक्षा ढांचे को मजबूत करने के लिए भी सरकार ने कदम उठाया है। गुरुग्राम में ही DIET की प्राचार्य के रूप में काम कर रहीं सुमिता रंगी को अब फील्ड में उतारते हुए जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी (DEEO) गुरुग्राम की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।
हरियाणा सरकार के स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया की ओर से यह आधिकारिक आदेश जारी किए गए हैं। आदेश में साफ कहा गया है कि सभी अधिकारी तुरंत प्रभाव से अपने नए पदों पर कार्यभार संभालें ताकि बोर्ड परीक्षाओं के बाद नए सत्र की प्रशासनिक तैयारियों में किसी भी तरह की ढिलाई न रहे।

