हरियाणा। चिलचिलाती धूप और रिकॉर्ड तोड़ गर्मी से बेहाल हरियाणा के लोगों के लिए मौसम का मिजाज राहत बनकर बदला है। नौतपा के बीच आसमान से बरसती आग के दौरान कल शाम अचानक धूल भरी आंधी चली और देखते ही देखते कई जिलों में झमाझम बारिश के साथ ओले गिरे। पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के एक्टिव होते ही रेवाड़ी, गुरुग्राम, सिरसा, हिसार, नूंह, महेंद्रगढ़, भिवानी, चरखी दादरी और फतेहाबाद में मौसम पूरी तरह पलट गया। दिनभर उमस और लू झेलने के बाद शाम को आई इस मानसूनी जैसी फुहार ने आम जनता को बड़ी राहत दी है।
अंबाला-पंचकूला समेत 5 जिलों में आज भारी तूफान का खतरा
मौसम विभाग (IMD) ने आज शुक्रवार को उत्तर हरियाणा के माथे पर चिंता की लकीरें खींचते हुए बड़ा अपडेट जारी किया है। विभाग ने यमुनानगर, अंबाला, पंचकूला, कुरुक्षेत्र और करनाल जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इन इलाकों में आज 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी तूफान आ सकता है। तेज हवाओं के साथ आसमानी बिजली कड़कने और भारी ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी है।
मध्य और दक्षिण हरियाणा में ऑरेंज अलर्ट
उत्तर हरियाणा के अलावा राज्य के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में भी मौसम विभाग ने ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। रोहतक, गुरुग्राम और रेवाड़ी समेत आस-पास के इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से धूल भरी हवाएं चलने का अनुमान है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है, जिससे दिन के तापमान में और कमी आएगी। हालांकि, इस तेज आंधी के कारण ग्रामीण इलाकों में फसलों और बिजली के पोल गिरने की भी खबरें आ रही हैं।
पारे में आई भारी गिरावट, सिरसा अब भी सबसे गर्म
इस बेमौसम बरसात और ओलावृष्टि का सीधा असर तापमान पर देखने को मिला है। राज्य के अधिकतम तापमान में औसतन 3.2 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे बीते कई दिनों से चल रही जानलेवा लू का असर काफी कम हुआ है। हालांकि, मौसम विभाग के आंकड़ों पर नजर डालें तो सिरसा जिला अभी भी भट्टी की तरह तप रहा है, जहां तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। वहीं, हिसार, फतेहाबाद, रोहतक और साइबर सिटी गुरुग्राम में पारा लुढ़ककर 42 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है।
जानिए अगले 4 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम का हाल
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, हरियाणा में सक्रिय हुआ यह पश्चिमी विक्षोभ मध्यम श्रेणी का है, जिसका असर अगले दो दिनों तक यानी 29 और 30 मई को साफ दिखाई देगा। शनिवार को भी राज्य में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। राहत की बात यह है कि इसके तुरंत बाद 2 जून को एक और नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में दस्तक देने जा रहा है। इस नए सिस्टम के असर से जून के पहले हफ्ते में भी भीषण गर्मी और लू की वापसी नहीं होगी, जिससे हरियाणा वासियों को आने वाले कुछ और दिनों तक उमस भरे पारे से निजात मिलती रहेगी।

