Narnaul : हरियाणा राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता लोहचब ने मंगलवार को जिला महेंद्रगढ़ के नारनौल शहर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने राजकीय महिला कॉलेज, राजकीय पीजी कॉलेज तथा महिला थाना नारनौल का दौरा किया।
दौरे के दौरान श्रीमती लोहचब ने राजकीय महिला कॉलेज और राजकीय पीजी कॉलेज में उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों व स्टाफ से बातचीत की। उन्होंने दोनों कॉलेजों में छात्राओं की सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़े पहलुओं पर चर्चा की।
महिला थाना में उन्होंने महिलाओं से संबंधित शिकायतों के निपटारे की प्रक्रिया और थाने की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि थानों में महिलाओं की सहायता के लिए हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं ताकि महिलाओं को थानों में किसी प्रकार की परेशानी ना हो।

उन्होंने कहा कि हरियाणा महिला आयोग महिलाओं तथा बच्चों के अधिकारों की रक्षा, उनकी सुरक्षा और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि आयोग का प्रयास है कि हर महिला और बेटी को सुरक्षित, भयमुक्त और सशक्त वातावरण मिले तथा उनकी समस्याओं का समय पर समाधान हो। इसके लिए प्रशासन, पुलिस और शैक्षणिक संस्थानों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है।
हरियाणा राज्य महिला आयोग की सदस्य ने महिलाओं और छात्राओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे बिना झिझक आयोग या संबंधित विभाग से संपर्क करें।

इस अवसर पर तहसीलदार डॉ पायल, राजकीय महिला महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमित चौधरी, राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ कृष्ण सिंह, एसएचओ मंजूषा, संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी सरिता शर्मा व अन्य अधिकारीगण मौजूद थे।
यह भी देखें – साइबर पुलिस की कार्रवाई, ऑनलाइन डॉक्टर अपॉइंटमेंट ठगी मामले में दूसरा आरोपी गिरफ्तार

