Narnaul : पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार के निर्देशानुसार साइबर अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए साइबर थाना नारनौल की टीम ने ऑनलाइन डॉक्टर अपॉइंटमेंट के नाम पर 1,39,995 रुपये की ठगी के मामले में एक और आरोपी सतपाल निवासी तिजारा, राजस्थान को गिरफ्तार किया है।
जांच में आरोपी की भूमिका ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए कमीशन के बदले बैंक खाता उपलब्ध कराने के संबंध में सामने आई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ और बैंकिंग लेन-देन की जांच के माध्यम से मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका का पता लगा रही है।
पुलिस को दी शिकायत में फूल सिंह निवासी गांव नांगल दुर्गु, थाना निजामपुर ने बताया था कि वह दक्षिणी दिल्ली के गांव समालका में निजी नौकरी करता है। दिनांक 02 जून 2026 को डॉक्टर से चेकअप के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक करने हेतु गूगल पर सर्च करते समय उसे एक मोबाइल नंबर मिला।
उस नंबर पर संपर्क करने पर संबंधित व्यक्ति ने उसके व्हाट्सऐप पर “Appointment Booking2.apk” नाम की फाइल भेजी और उसमें आवश्यक जानकारी भरने के लिए कहा। फाइल खोलकर जानकारी भरने के बाद उसे बताया गया कि ऑनलाइन लिंक फिलहाल काम नहीं कर रहा है और बाद में दोबारा प्रयास करने को कहा गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार दिनांक 11 जून 2026 को उसके बैंक ऑफ बड़ौदा और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के खातों से रुपये कटने के संदेश प्राप्त हुए। साइबर ठगी का पता चलने पर उसने अपना मोबाइल रिसेट किया तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के आधार पर साइबर थाना नारनौल में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ में कमीशन के बदले खाता उपलब्ध कराने की जानकारी मिली
गिरफ्तार आरोपी सतपाल से पूछताछ में सामने आया कि उसे और सुशान्त को बैंक खाता खुलवाकर उपलब्ध कराने के बदले कमीशन देने का लालच दिया गया था। इसके लिए उनके दस्तावेज लिए गए और SSR SPICE PRIVATE LIMITED नाम की कंपनी का इंडसइंड बैंक में खाता खुलवाया गया।
पूछताछ के अनुसार खाते से संबंधित दस्तावेज और बैंकिंग सामग्री अन्य व्यक्तियों ने अपने पास रख ली थी। शिकायतकर्ता से ठगी गई राशि का एक हिस्सा इस खाते में आया था। आरोपी ने इस काम के बदले स्वयं को 15 हजार रुपये तथा सुशान्त को पांच हजार रुपये कमीशन मिलने की बात बताई है। पुलिस इन तथ्यों की बैंक रिकॉर्ड एवं अन्य साक्ष्यों से जांच कर रही है।
इससे पहले सुशान्त को किया जा चुका है गिरफ्तार
इसी मामले में साइबर थाना नारनौल की टीम पहले आरोपी सुशान्त निवासी सूरजमुखी मार्ग, नजदीक आईटीआई, थाना तिजारा, जिला भिवाड़ी, राजस्थान को तिजारा से गिरफ्तार कर चुकी है।
बैंक खातों और तकनीकी तथ्यों की जांच के आधार पर उसकी संलिप्तता सामने आई थी। मामले में आगे की जांच करते हुए अब आरोपी सतपाल को गिरफ्तार किया गया है। ठगी की रकम के लेन-देन तथा अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की जांच जारी है।
महेंद्रगढ़ पुलिस आमजन से अपील करती है कि ऑनलाइन डॉक्टर अपॉइंटमेंट या अन्य सेवाओं के लिए संबंधित संस्थान के आधिकारिक माध्यम से ही संपर्क करें।
अनजान नंबर से भेजी गई APK फाइल डाउनलोड या इंस्टॉल न करें तथा ओटीपी, पासवर्ड और बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं अथवा नजदीकी साइबर थाना/पुलिस थाने में सूचना दें।
यह भी देखें – बाजरा की एमएसपी पर खरीद शुरू करने की मांग, ज्ञापन सौंपा

