HCS Result 2025 Topper: हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) ने शुक्रवार को हरियाणा सिविल सर्विसेज (HCS) एग्जीक्यूटिव ब्रांच और अलाइड सर्विसेज परीक्षा-2025 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। घोषित नतीजों में सोनीपत जिले के गोहाना निवासी अभिषेक सरोहा ने 675 में से 394.5 अंक प्राप्त कर पूरे प्रदेश में पहली रैंक हासिल की है।
मेरिट सूची में 392.90 अंकों के साथ कुलदीप दूसरे और 388.60 अंकों के साथ ईशा काला तीसरे स्थान पर रहीं। इस बार की परीक्षा परिणाम की सबसे सुखद तस्वीर यह रही कि टॉप-10 में 6 बेटियों ने बाजी मारी है।
परिणाम में क्रीमी ने चौथी, छवि ने पांचवीं, रजत फोगाट ने छठी और राहुल सैनी ने सातवीं रैंक प्राप्त की है। इसके अलावा मानवी आठवें, रीनू नौवें तथा जैनब खातून दसवें पायदान पर रहीं। श्रेणीवार नतीजों की बात करें तो बैकवर्ड क्लास-A में जैनब खातून, क्लास-B में राहुल सैनी और EWS श्रेणी में सिमरन ने टॉप किया है। वहीं अदर शेड्यूल्ड कास्ट श्रेणी में समरजीत सिंह और डेपरिवाइड शेड्यूल्ड कास्ट में नेहा कमल अव्वल रही हैं।
असफलता से सीखकर पाई सफलता, जानिए टॉपर्स के संघर्ष की कहानी
गोहाना के सेक्टर-7 निवासी स्टेट टॉपर अभिषेक सरोहा के पिता जगबीर सरोहा स्कूल संचालक हैं और मां अमिता देवी शिक्षिका हैं। साल 2020 से यूपीएससी की तैयारी कर रहे अभिषेक 5 बार मेन्स और दो बार इंटरव्यू तक पहुंचे, लेकिन अंतिम चयन रुक जाता था। दो बार राज्य लोक सेवा आयोग के इंटरव्यू में भी असफलता हाथ लगी। पहली रैंक मिलने के बाद भावुक हुए अभिषेक ने कहा कि कई सालों के संघर्ष और बार-बार मौके चूकने के बाद आखिरकार मेहनत रंग लाई है।
वहीं EWS कैटेगरी टॉपर और ओवरऑल 17वीं रैंक हासिल करने वाली अंबाला की सिमरन की कहानी भी प्रेरणादायक है। एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली सिमरन यूपीएससी का इंटरव्यू दे चुकी हैं। असफलता के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और पहले ही प्रयास में HCS परीक्षा पास कर ली। उधर, कुरुक्षेत्र के छपरा गांव निवासी राहुल सैनी ने 7वीं रैंक (BC-B टॉपर) हासिल कर अपने स्वर्गीय दादा का सपना पूरा किया। आरबीआई में सेवारत राहुल नौकरी के साथ रोजाना 5 घंटे पढ़ाई कर इस मुकाम तक पहुंचे हैं।
93 हजार अभ्यर्थियों ने दी थी परीक्षा, 313 पहुंचे थे इंटरव्यू तक
HCS के कुल 102 पदों पर भर्ती के लिए आयोग के पास करीब 93 हजार आवेदन आए थे। 26 अप्रैल 2026 को आयोजित हुई प्रारंभिक परीक्षा (प्रीलिम्स) में लगभग 52 हजार अभ्यर्थी बैठे थे। प्रीलिम्स के आधार पर 1,200 से अधिक अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा (मेन्स) के लिए चुना गया, जिसके बाद 313 अभ्यर्थी इंटरव्यू और पर्सनैलिटी टेस्ट के चरण तक पहुंचे थे।
आयोग द्वारा जारी विषयवार स्कोरकार्ड के मुताबिक जनरल कैटेगरी की एकता ने इंटरव्यू में सबसे ज्यादा 55 अंक हासिल किए। हालांकि प्रशासनिक और वैधानिक पेचीदगियों के चलते आयोग ने 20 अभ्यर्थियों का परिणाम फिलहाल रोक कर रखा है। परीक्षा में शामिल हुए सभी अभ्यर्थी HPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना स्कोरकार्ड देख सकते हैं।
यह भी पढ़ें– Faridabad News: छात्रा के घर लटका मिला 10वीं के छात्र का शव, परिजनों का हंगामा, पुलिस पर पथराव

