Hotel Blueberry Dera Bassi Ruckus : डेराबस्सी के व्यस्त पटियाला रोड पर गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब एक दर्जन युवक हाथ में धारदार हथियार लेकर होटल ब्लूबेरी के बाहर पहुंच गए। देखते ही देखते युवकों ने हंगामा शुरू कर दिया और एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर बरसाने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों के हाथों में नंगे चाकू और गंडासियां थीं, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
पत्थरबाजी में टैक्सी का शीशा टूटा, राहगीर सहमे
अचानक हुई इस पत्थरबाजी से पटियाला रोड पर मौजूद दुकानदारों और राहगीरों में भगदड़ मच गई। होटल के समीप खड़ी एक टैक्सी पर पत्थर लगने से उसका पिछला शीशा चकनाचूर हो गया। घटना के दौरान एक युवक के घायल होने की चर्चा भी रही, हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी के जख्मी होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। हैरानी की बात यह रही कि शाम तक किसी भी पक्ष ने पुलिस को लिखित शिकायत नहीं सौंपी थी।
पहले भी विवादों के केंद्र में रहा है होटल ब्लूबेरी
स्थानीय लोगों और कारोबारियों का कहना है कि होटल ब्लूबेरी के बाहर हंगामे का यह कोई पहला मामला नहीं है। कुछ महीने पहले भी यहां गोलीबारी और मारपीट की घटना सामने आई थी। स्थानीय निवासियों ने होटल में अनैतिक गतिविधियों और नशीले पदार्थों के सेवन के गंभीर आरोप लगाए हैं। दुकानदारों ने मांग की है कि पुलिस व्यस्त मार्ग पर नियमित गश्त बढ़ाए और होटल की गतिविधियों की बारीकी से जांच करे।
पुलिस पहुंची तो गेट पर लगा मिला ताला, मालिक से होगी पूछताछ
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम से पीसीआर टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे और होटल के मुख्य गेट पर ताला जड़ा हुआ था। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जसवीर सिंह ने बताया कि फिलहाल किसी पक्ष से शिकायत नहीं मिली है, लेकिन पुलिस अपने स्तर पर मामले की गहराई से जांच कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि होटल मालिक को थाने बुलाकर पूरे मामले में सख्ती से पूछताछ की जाएगी।

