August 8, 2026

Jaipur School Bus Accident: जयपुर में 40 बच्चों से भरी स्कूल बस पलटी, 18 घायल, 3 के पैर में फ्रैक्चर, 2 के सिर में गंभीर चोट

0
Jaipur School Bus Accident: जयपुर में 40 बच्चों से भरी स्कूल बस पलटी, 18 घायल, 3 के पैर में फ्रैक्चर, 2 के सिर में गंभीर चोट

जयपुर में 40 बच्चों से भरी स्कूल बस पलटी

Jaipur School Bus Accident: जयपुर जिले के जोबनेर में शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। जोबनेर-आसलपुर महला मार्ग पर सीमेंट फैक्ट्री के पास निजी स्कूल बस और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन बेकाबू होकर पलट गए। बस में ड्राइवर, कंडक्टर, एक स्कूल स्टाफ और 40 बच्चे सवार थे, जिनमें से 18 बच्चे घायल हो गए। तीन बच्चों के पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि दो के सिर में गंभीर चोट आई है। जोबनेर थाना अधिकारी हनुमान सहाय के अनुसार, हादसे के बाद कई बच्चे बस के अंदर फंस गए थे। पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बच्चों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से जोबनेर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

हादसा इतना जोरदार था कि दोनों वाहन सड़क पर पलट गए। बस के अंदर बच्चों के बीच चीख-पुकार मच गई और कई बच्चे क्षतिग्रस्त वाहन में फंस गए। थाना अधिकारी के मुताबिक, दो बच्चों के सिर में चोट लगने से बस के अंदर खून फैल गया। तीन बच्चों के पैर में फ्रैक्चर हुआ, जबकि एक बच्चे के हाथ में भी चोट आई है।

 

8-9 बच्चों को जयपुर किया गया रेफर

हादसे के बाद सभी घायलों को जोबनेर सीएचसी ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने बच्चों का प्राथमिक उपचार शुरू किया और उनकी चोटों का आकलन किया। गंभीर रूप से घायल 8 से 9 बच्चों को आगे के इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया है। बच्चों के सिर, हाथ, पैर और शरीर के दूसरे हिस्सों में चोटें आई हैं। फिलहाल सभी घायल बच्चों का इलाज जारी है।

टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उस समय स्कूल बस पलटी हुई थी और कई बच्चे उसके अंदर फंसे हुए थे। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद ग्रामीणों और पुलिस टीम ने मिलकर क्षतिग्रस्त बस से बच्चों को बाहर निकाला।

हादसे में स्कॉर्पियो में सवार लोगों को भी चोटें आई हैं। हालांकि उनकी चोटों को सामान्य बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो में सवार लोग चित्तौड़गढ़ से खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान जोबनेर-महला मार्ग पर स्कॉर्पियो और स्कूल बस की भिड़ंत हो गई।

 

हादसे के बाद सड़क पर लगा लंबा जाम

दुर्घटना के बाद जोबनेर-महला मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सड़क पर दोनों वाहन पलटे होने के कारण यातायात प्रभावित हुआ।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस और स्कॉर्पियो को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में स्कॉर्पियो के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है, हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस दोनों वाहनों की तकनीकी जांच करा रही है। इसके साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी लिए जा रहे हैं, ताकि टक्कर से पहले दोनों वाहनों की स्थिति और हादसे की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed