Jandiala Guru में अमर शहीद बाबा जीवन सिंह स्मारक गेट का मंत्री ई.टी.ओ. ने किया उद्घाटन

Jandiala Guru में अमर शहीद बाबा जीवन सिंह स्मारक गेट का मंत्री ई.टी.ओ. ने किया उद्घाटन
Jandiala Guru : सिख पंथ के महान जरनैल ‘रंघरेटे गुरु के बेटे’ अमर शहीद बाबा जीवन सिंह जी (भाई जैता जी) के पावन जन्म दिवस के शुभ अवसर पर अमृतसर के जंडियाला गुरु में भक्ति और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। इस ऐतिहासिक दिन पर पंजाब के लोक निर्माण एवं बिजली मंत्री स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने जंडियाला गुरु में बाबा जीवन सिंह जी की पावन स्मृति में विशेष रूप से बनाए गए भव्य स्मारक गेट का औपचारिक उद्घाटन किया और संगत को समर्पित किया।
उद्घाटन समारोह के दौरान जनसमूह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने बाबा जीवन सिंह जी की अद्वितीय शहादत को नमन किया। उन्होंने कहा कि सिख इतिहास में बाबा जीवन सिंह जी का स्थान अत्यंत गौरवमयी और सम्मानजनक है। नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर जी की चांदनी चौक में हुई शहादत के बाद, अपनी जान की परवाह न करते हुए गुरु साहिब का पावन शीश अत्यंत श्रद्धा और साहस के साथ श्री आनंदपुर साहिब पहुंचाना इतिहास की सबसे महान और साहसिक घटनाओं में से एक है।
हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगा यह द्वार: हरभजन सिंह ई.टी.ओ.
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह स्मारक गेट केवल एक निर्माण नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों को हमारी महान विरासत, त्याग और धर्म की रक्षा के लिए दिए गए बलिदानों की याद दिलाता रहेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य के ऐतिहासिक धरोहरों, महान शहीदों की स्मृतियों और धार्मिक स्थलों के सौंदर्यकरण व संरक्षण के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने आगे बताया कि जंडियाला गुरु के सर्वांगीण विकास के तहत यहां अमर शहीद बाबा जीवन सिंह जी धर्मशाला का निर्माण कराने के साथ-साथ भारत रत्न डॉ. बी.आर. अंबेडकर जी की प्रतिमा भी स्थापित की गई है। इन तमाम विकास कार्यों और ऐतिहासिक धरोहरों को सहेजने के लिए फंड जारी करने पर उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान का विशेष आभार प्रकट किया।
क्षेत्र के धार्मिक और राजनीतिक दिग्गज रहे मौजूद
इस गरिमामयी समागम में नगर कौंसिल अध्यक्ष सतिंदर सिंह, उपाध्यक्ष अमन विरक, चेयरमैन अमरीक सोढ़ी, चेयरमैन हरपाल सिंह चौहान, चेयरमैन जय देव, सरपंच बाबा मंगल सिंह, मनजीत सिंह, कौंसलर सुनैना रंधावा, अवतार सिंह काला, गुरमीत कौर, विजय मट्टी, मनजिंदर हैप्पी, बाबा हरपाल सिंह समेत आम आदमी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, धार्मिक-सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में इलाका निवासी उपस्थित रहे।
Sunam News : सुनाम में दीवार के मलबे में दबने से महिला की मौत
