Jhunjhunu Accident: राजस्थान के झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी क्षेत्र के छापोली गांव में सोमवार को सड़क निर्माण के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। यहां काम कर रहे 8 मजदूरों की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि 5 लोग झुलस गए। हादसा उस समय हुआ, जब बजरी मिलाने के काम में इस्तेमाल होने वाली मशीन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। उदयपुरवाटी थाना प्रभारी रामपाल के मुताबिक, बिजली की हाईटेंशन लाइन से संपर्क होते ही मशीन में करंट दौड़ गया। आसपास काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में इन 8 मजदूरों की गई जान
हादसे में जान गंवाने वालों में हालेड़ा मंडावरा और छापोली गांव के मजदूर शामिल हैं। मृतकों की पहचान हालेड़ा मंडावरा निवासी हरिराम गुर्जर (30), मंगलचंद गुर्जर (22), कालूराम गुर्जर (29) और पवन गुर्जर (23) के रूप में हुई है।
इसके अलावा छापोली निवासी विष्णु सैनी (38), सुरेंद्र उर्फ सुरेश सैनी (30), मुकेश सैनी (27) और फतेहचंद सैनी (32) की भी मौत हुई है। हादसे में 5 अन्य लोग झुलसे हैं।
हादसे के बाद गांव के लोगों में रोष फैल गया। ग्रामीणों ने घटना के विरोध में धरना शुरू कर दिया। फिलहाल हादसे के बाद की स्थिति और ग्रामीणों की मांगों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

