Winter Health Tips Cold and Cough: जैसे-जैसे ठंड का असर बढ़ने लगता है, वैसे-वैसे लोगों की सेहत में गिरावट भी शुरू हो जाती है। कई लोगों के साथ यह समस्या आम होती है कि एक सर्दी-जुकाम ठीक हुआ नहीं कि कुछ ही दिनों में वे फिर से किसी न किसी संक्रमण की चपेट में आ जाते हैं। इस स्थिति को देखकर अक्सर लोग यह मान लेते हैं कि उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्यूनिटी बहुत कमजोर हो चुकी है। लेकिन हकीकत यह है कि इसके पीछे केवल कमजोर इम्यूनिटी ही नहीं, बल्कि हमारा रहन-सहन और सर्दियों का खास वातावरण भी बड़ी भूमिका निभाता है।
मौसम बदलते ही हवा का मिज़ाज और हमारे बंद कमरों में रहने का तरीका वायरस को तेजी से फैलाने में मदद करता है। आइए जानते हैं कि आखिर ठंड के मौसम में लोग बार-बार बीमार क्यों पड़ते हैं और इससे किस तरह बचा जा सकता है।
बंद कमरे और सूखी हवा: संक्रमण फैलने की मुख्य वजह
सर्दियों के दिनों में ठंड से बचने के लिए हम अक्सर अपने घरों और दफ्तरों की खिड़कियां-दरवाजे बंद रखते हैं। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ (NIH) के अनुसार, ऐसी बंद जगहों पर जहां हवा का सही आवागमन या वेंटिलेशन नहीं होता, वहां सांस के जरिए फैलने वाले वायरस बहुत तेजी से एक्टिव रहते हैं। यदि उस कमरे में कोई एक व्यक्ति भी फ्लू या जुकाम से पीड़ित है, तो उसके खांसने या छींकने से निकलने वाले सूक्ष्म कण हवा में तैरते रहते हैं और दूसरे लोगों को भी बीमार कर देते हैं।
इसके अलावा, सर्दियों की हवा में नमी की मात्रा काफी कम हो जाती है। यह सूखी हवा हमारी नाक और श्वास नली की अंदरूनी परत को कमजोर कर देती है। सामान्य दिनों में यह परत शरीर को बाहरी हानिकारक कणों से बचाती है, लेकिन नमी कम होने पर वायरस शरीर पर आसानी से हमला बोल देते हैं।
लगातार बदलते वायरस और साफ-सफाई में लापरवाही
ठंड के मौसम में फ्लू, आरएसवी (RSV) और सामान्य सर्दी-जुकाम फैलाने वाले कई तरह के वायरस एक साथ सक्रिय रहते हैं। जब शरीर एक वायरस से लड़कर ठीक होता है, तो इसका मतलब यह नहीं होता कि उसे दूसरे वायरस से भी सुरक्षा मिल गई है। यही वजह है कि एक संक्रमण के ठीक होने के कुछ ही दिनों बाद इंसान किसी दूसरे वायरस की गिरफ्त में आ जाता है।
इन सबके बीच हाथों की साफ-सफाई में बरती जाने वाली छोटी-छोटी लापरवाहियां भी भारी पड़ जाती हैं। बाहर से आने के बाद या किसी संक्रमित सतह को छूने के बाद जब हम उन्हीं गंदे हाथों से अपनी आंख, नाक या मुंह को छूते हैं, तो वायरस सीधे हमारे शरीर के अंदर प्रवेश कर जाते हैं।
खुद को सुरक्षित रखने के लिए अपनाएं ये जरूरी उपाय
सर्दियों के इन दिनों में बार-बार संक्रमण से बचने के लिए अपनी रोजमर्रा की आदतों में थोड़ा सा बदलाव करना बेहद मददगार साबित हो सकता है:
हाथों की स्वच्छता: बाहर से घर लौटने पर या कुछ भी खाने से पहले साबुन और पानी से कम से कम 20 सेकंड तक अच्छी तरह हाथ धोएं।
वेंटिलेशन का रखें ध्यान: दिन में कुछ समय के लिए घर और ऑफिस की खिड़कियां जरूर खोलें ताकि ताजी हवा अंदर आ सके और घुटन न हो।
भीड़भाड़ में बरतें सावधानी: ज्यादा भीड़ वाली या बंद जगहों पर जाने से बचें और जरूरत पड़ने पर मास्क का इस्तेमाल करें।
खानपान और नींद: अपनी डाइट में ताजे फल, हरी सब्जियां, दालें और प्रोटीनयुक्त आहार को शामिल करें। पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और अपनी नींद पूरी रखें।
वैक्सीनेशन: यदि समस्या ज्यादा गंभीर रहती है, तो डॉक्टर की सलाह से फ्लू का टीका लगवाने पर विचार किया जा सकता है।
यदि किसी व्यक्ति को लगातार संक्रमण हो रहा है, लंबे समय तक बुखार बना रहता है या सांस लेने में तकलीफ जैसी दिक्कतें महसूस होती हैं, तो घरेलू नुस्खों के भरोसे रहने के बजाय तुरंत किसी योग्य चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए।
यह भी पढ़ें– गुजराती थाली के आगे फीके हैं महंगे सुपरफूड्स

