Kaithal Accident News: कैथल जिले में कस्बा कलायत (Kalayat) के पास से गुजर रहे जम्मू-कटरा एक्सप्रेस-वे (Jammu Katra Expressway) पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। दिल्ली से पंजाब की ओर जा रहे दो ट्रकों के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में पीछे चल रहे ट्रक के चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही राहगीरों की भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने तुरंत इसकी जानकारी कलायत थाना पुलिस (Kalayat Police Station) को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।
आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक मारे ब्रेक
कलायत थाना के जांच अधिकारी सुभाष चंद्र ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों ट्रक दिल्ली से पंजाब की दिशा में आगे-पीछे जा रहे थे। जैसे ही वे कलायत के पास एक्सप्रेस-वे पर पहुंचे, आगे चल रहे ट्रक के चालक ने बिना किसी संकेत के अचानक तेज ब्रेक लगा दिए। रफ्तार तेज होने के कारण पीछे चल रहा ट्रक संभल नहीं पाया और सीधे आगे वाले ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे वाले ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
आरोपी चालक फरार, नागरिक अस्पताल में होगा पोस्टमार्टम
हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक अपनी गाड़ी छोड़कर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। मृतक चालक की पहचान उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले 35 वर्षीय निरंजन पाल के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कैथल के नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है, जहां परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी और चश्मदीदों के बयान
हादसे के बाद पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर यातायात सुचारू कराया। कलायत पुलिस का कहना है कि मृतक के परिजनों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है। एक्सप्रेस-वे (Jammu Katra Expressway)और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों (CCTV) की मदद से फरार चालक और उसके ट्रक की पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यह भी पढ़ें– चीका-पिहोवा रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से दो चचेरे भाइयों की मौत, गांव में मातम

