Kaithal Crime News: नरेश कुमार, राजौंद। त्योहारों के मौसम में सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा करते हुए कैथल पुलिस ने अवैध रूप से पटाखों की तस्करी करने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सीआईए कलायत की टीम ने राजौंद थाना क्षेत्र के गांव नरवल में एक पिकअप गाड़ी को रोककर भारी मात्रा में अवैध पटाखे बरामद किए हैं। बिना किसी वैध परमिट और सुरक्षा मानकों के ले जाई जा रही पटाखों की इन 125 पेटियों के साथ पुलिस ने पंजाब के एक चालक को दबोच लिया है।
गुप्त सूचना के बाद पुलिस ने बिछाया जाल
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष कुमार की देखरेख में पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को खबर मिली कि नरवल गांव से एक सफेद रंग की महिंद्रा बोलेरो पिकअप गाड़ी (नंबर PB-11CY-4157) में भारी मात्रा में पटाखों की पेटियां लादी जा रही हैं और इसे राजौंद की तरफ भेजा जाना है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए मुख्य मार्ग पर नाकेबंदी कर दी और संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी।
पुलिस को देख गलियों में भगाने लगा गाड़ी
जैसे ही नरवल गांव की ओर से उक्त नंबर की पिकअप आती दिखाई दी, पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही चालक घबरा गया और गाड़ी को तेज रफ्तार में गांव की संकरी गलियों में भगाने की कोशिश करने लगा। पुलिस टीम ने आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुस्तैदी से पीछा किया और कैथल-राजौंद मुख्य मार्ग पर गाड़ी को चारों तरफ से घेरकर काबू कर लिया। चालक की पहचान तरसेम सिंह, निवासी गांव कमालपुर (जिला संगरूर, पंजाब) के रूप में हुई।
फायर ब्रिगेड की मौजूदगी में हुई जांच
पुलिस द्वारा जब चालक से पटाखों के संबंध में लाइसेंस या ट्रांसपोर्टेशन परमिट मांगा गया, तो वह कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सका। इसके बाद राजौंद फायर ब्रिगेड विभाग को सूचित किया गया। दमकल विभाग के इंचार्ज एलएफएम सतीश कुमार की मौजूदगी में जब पिकअप की तलाशी ली गई, तो उसमें से गत्ते की 125 पैकिंगशुदा पेटियां बरामद हुईं, जिनमें ज्वलनशील पटाखे और बम भरे हुए थे। पुलिस ने पिकअप और पटाखों को जब्त कर आरोपी तरसेम के खिलाफ राजौंद थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।
यह भी देखें – कुरुक्षेत्र में लिफ्ट देकर 80 साल की बुजुर्ग महिला से लूट, कान फाड़कर ले गया सोने की बालियां

