Kaithal Cyber Fraud: जिले में डिजिटल अरेस्ट और न्यूड वीडियो कॉल के जरिए लोगों को ब्लैकमेल (Online Blackmailing) करने वाले गिरोह पर कैथल पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस ने ऐसे ही एक बड़े साइबर फ्रॉड (Cyber Fraud)मामले में संलिप्त राजस्थान के भरतपुर निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान गांव सियू (Rajasthan Fraudster Arrested) निवासी साहिल के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस आरोपी ने साइबर ठगों को फर्जी सिम कार्ड मुहैया कराए थे, जिनका इस्तेमाल करके ठगों ने सोशल मीडिया पर जाल बिछाया था।
फेसबुक फ्रेंड रिक्वेस्ट से शुरू हुआ ठगी का जाल
मामले की शुरुआत सेक्टर-18 निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर हुई, जिन्हें 6 जुलाई की रात फेसबुक पर ‘पिंकी शर्मा’ नाम की एक यूजर से फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली थी। परिचित समझकर उन्होंने रिक्वेस्ट स्वीकार कर ली, जिसके कुछ ही देर बाद मैसेंजर पर चैट शुरू हो गई और ठगों ने उनका व्हाट्सएप नंबर हासिल कर लिया। नंबर मिलने के कुछ समय बाद उनके मोबाइल पर एक वीडियो कॉल आई। जैसे ही उन्होंने कॉल रिसीव की, स्क्रीन पर एक न्यूड महिला दिखाई दी, जिसने उन्हें भी कपड़े उतारने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। घबराए पीड़ित ने तुरंत फोन काट दिया और डर के मारे चैट व नंबर डिलीट कर दिए।
खुद को यूट्यूब और सीबीआई अधिकारी बताकर बनाया दबाव
असली खेल इसके बाद शुरू हुआ। अगले दिन पीड़ित के फोन पर अलग-अलग नंबरों से धमकी भरे मैसेज आने लगे कि उनका अश्लील वीडियो इंटरनेट पर वायरल होने वाला है। खुद को यूट्यूब अधिकारी बताने वाले एक शख्स ने मैसेज भेजा कि वीडियो अपलोड हो चुका है, जिसे रुकवाने के लिए पैसे देने होंगे। इसके तुरंत बाद एक और कॉल आई जिसमें खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर एक ठग ने कहा कि उसने वीडियो रोकने की फाइल संभाल ली है, लेकिन क्लीयरेंस के लिए 51 हजार रुपये जमा करने होंगे। लगातार डर और मानसिक दबाव के चलते पीड़ित ने ठगों के बताए स्कैनर पर अलग-अलग बार में कुल 1.26 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
जब बढ़ी मांग तब खुला ठगी का राज
जब आरोपियों की भूख शांत नहीं हुई और उन्होंने 1 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग शुरू कर दी, तब पीड़ित को अहसास हुआ कि वह किसी बड़े साइबर गिरोह के जाल में फंस चुके हैं। इसके बाद उन्होंने तुरंत इसकी शिकायत साइबर क्राइम थाने में दर्ज कराई। पुलिस प्रवक्ता प्रवीन श्योकंद ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना साइबर क्राइम में केस दर्ज किया गया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सिम उपलब्ध कराने वाले मुख्य कड़ी साहिल को दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 2 दिन का रिमांड हासिल किया है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों को भी बेनकाब किया जा सके।
यह भी पढ़ें– जम्मू-कटरा एक्सप्रेस-वे पर कलायत के पास भीषण हादसा, दो ट्रकों की टक्कर में यूपी के चालक की मौत

