September 30, 2026

Kaithal Drug Smugglers Arrested: कैथल पुलिस ने 21 किलो गांजा और 1 किलो से ज्यादा अफीम के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार

0
Kaithal Drug Smugglers Arrested: कैथल पुलिस ने 21 किलो गांजा और 1 किलो से ज्यादा अफीम के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार

कैथल पुलिस ने 21 किलो गांजा और 1 किलो से ज्यादा अफीम के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार

Kaithal Drug Smugglers Arrested: कैथल जिले में नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को दो बड़ी सफलताएं हाथ लगी हैं। सीआईए-1 और एंटी एक्सटॉर्शन सैल की टीमों ने दो अलग-अलग इलाकों में गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 21 किलोग्राम गांजा (फूल-पत्ती) और 1 किलो 167 ग्राम अफीम बरामद की है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जींद जिले के रेवर गांव निवासी टींकू और कैथल के नौच गांव निवासी प्रवीण के रूप में हुई है।

दोनों आरोपी यह अवैध खेप स्थानीय स्तर पर नशेड़ियों और फुटकर तस्करों को महंगे दामों में बेचने की नीयत से ला रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच आगे बढ़ा दी है।

पंजाब बॉर्डर पर पुलिस को देख भाग रहा था टींकू, बाइक बंद होते ही चढ़ा हत्थे

कार्रवाई के पहले मामले की जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सीआईए-1 कैथल की टीम गश्त के दौरान बरटा बस अड्डे के पास मौजूद थी। उसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि जींद के रेवर गांव का रहने वाला टींकू पंजाब के गलौली गांव की तरफ से मोटरसाइकिल पर गांजे की बड़ी खेप लेकर बरटा गांव की ओर आ रहा है।

सूचना पर तुरंत एक्शन लेते हुए पुलिस टीम ने पंजाब सीमा से सटे बरटा-गलौली मार्ग पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ ही देर में पंजाब की तरफ से एक बाइक सवार आता दिखाई दिया। पुलिस को सामने खड़ा देख आरोपी ने घबराकर बाइक मोड़ने और भागने की कोशिश की, लेकिन उसी समय उसकी मोटरसाइकिल बंद हो गई। पुलिस जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया। जब उसकी बाइक पर रखे प्लास्टिक के कट्टे की तलाशी ली गई, तो उसमें से 21 किलो गांजा फूल-पत्ती बरामद हुआ।

नहर के पुल पर अफीम ग्राहक का इंतजार कर रहा था प्रवीण, एंटी एक्सटॉर्शन सैल ने घेरा

दूसरे मामले में सफलता एंटी एक्सटॉर्शन सैल कैथल की टीम को मिली। टीम जब क्योड़क गांव के पास जसवंती रोड पर मौजूद थी, तभी सटीक सूचना मिली कि नौच गांव का प्रवीण नामक व्यक्ति अफीम की डिलीवरी देने के लिए नहर पुल के पास किसी का इंतजार कर रहा है।

पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए नौच नहर पुल के पास दबिश दी। पुलिस की गाड़ी को आते देख वहां खड़ा व्यक्ति हड़बड़ा गया और नहर की पटरी की तरफ भागने लगा। मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर उसे काबू कर लिया। तलाशी लेने पर आरोपी के हाथ में पकड़े थैले से 1 किलो 167 ग्राम अफीम बरामद हुई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे नशे की यह खेप कहां से खरीदकर लाए थे और आगे किन-किन लोगों को बेची जानी थी।

यह भी पढ़ें– करनाल में 8 पिस्तौल और 20 कारतूस के साथ 3 गिरफ्तार, जांच में सामने आए विदेशी नंबरों के सुराग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed