Kaithal Murder Case: कैथल में पति-पत्नी के झगड़े में बीच में आए 16 साल के बेटे ने कस्सी से वार कर पिता को मार डाला
कैथल में पति-पत्नी के झगड़े में बीच में आए 16 साल के बेटे ने कस्सी से वार कर पिता को मार डाला
Kaithal Murder Case: कैथल जिले के पुंडरी थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव भाणा स्थित ‘सरस्वती ईंट भट्ठे’ पर गुरुवार रात एक सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। घरेलू क्लेश के बीच एक 16 वर्षीय कलयुगी बेटे ने अपने ही पिता पर कस्सी (फावड़े) से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी निर्मम हत्या कर दी। गर्दन पर गहरा घाव लगने के कारण पिता की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई। वारदात के बाद भट्ठे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान 55 वर्षीय लक्ष्मी प्रसाद के रूप में हुई है, जो मूल रूप से छत्तीसगढ़ के शक्ति जिले का रहने वाला था और लंबे समय से यहां ईंट भट्ठे पर मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहा था।
पति-पत्नी की कहासुनी में कूदा बेटा, गुस्से में खो बैठा आपा
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना गुरुवार रात करीब 10 बजे की है। रोजमर्रा की तरह काम खत्म करने के बाद लक्ष्मी प्रसाद का अपनी पत्नी के साथ किसी घरेलू बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि घर में चीख-पुकार मचने लगी।
माता-पिता को आपस में उलझता देख उनका 16 साल का बेटा भी मौके पर पहुंच गया। आरोप है कि बहस के दौरान गुस्से से आगबबूला हुए बेटे ने पास में रखी लोहे की तीखी कस्सी उठाई और सीधे अपने पिता के गले पर दे मारी। वार इतना जोरदार था कि लक्ष्मी प्रसाद खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा और कुछ ही पलों में उसने दम तोड़ दिया।
डीएसपी और सीआईए टीम ने लिया जायजा, जांच शुरू
भट्ठे पर हत्या की खबर आग की तरह फैल गई। सूचना मिलते ही पुंडरी थाना पुलिस के साथ-साथ डीएसपी सुशील प्रकाश और सीआईए (CIA) कैथल की विशेष जांच टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने वारदात स्थल को सील कर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया, जिसने खून के नमूने और अन्य अहम साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कैथल के सरकारी नागरिक अस्पताल के मोर्चरी हाउस में भिजवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों और चश्मदीदों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। आरोपी नाबालिग के खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
यह भी पढ़ें–Haryana Weather Update: हरियाणा में मानसून की विदाई, जानें 6 और 7 अक्टूबर को कहां होगी बारिश
