August 17, 2026

Kaithal News: कैथल अस्पताल में सरेआम खूनी खेल, इमरजेंसी के बाहर दो युवकों पर चाकू से हमला, चंडीगढ़ रेफर

0
Kaithal News: कैथल अस्पताल में सरेआम खूनी खेल, इमरजेंसी के बाहर दो युवकों पर चाकू से हमला, चंडीगढ़ रेफर

कैथल अस्पताल में सरेआम खूनी खेल, इमरजेंसी के बाहर दो युवकों पर चाकू से हमला

Kaithal News: कैथल, नरेश कुमार पुहाल । जिला नागरिक अस्पताल परिसर सोमवार को उस समय अखाड़ा बन गया जब बेखौफ बदमाशों ने इमरजेंसी वार्ड के ठीक बाहर दो युवकों पर चाकुओं से जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने सरेआम दोनों युवकों पर ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे वे खून से लथपथ होकर वहीं जमीन पर गिर पड़े। अचानक हुई इस वारदात से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और मरीज व उनके तीमारदार जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

इलाज कराने आए थे, वहीं दोबारा शिकार बने

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमले में गंभीर रूप से घायल हुए युवकों की पहचान अभिषेक और कुलदीप (उम्र 25 से 30 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार को दोनों युवकों का अपने ही गांव में किसी बात को लेकर दूसरे पक्ष से झगड़ा हुआ था। इस विवाद में आई चोटों का इलाज कराने और मेडिकल जांच के लिए दोनों कैथल के सरकारी अस्पताल आए थे।

लेकिन उन्हें इस बात का अंदेशा बिल्कुल नहीं था कि विरोधी पक्ष के लोग अस्पताल तक उनका पीछा करते हुए पहुंच जाएंगे। जैसे ही दोनों इमरजेंसी के पास पहुंचे, घात लगाए हमलावरों ने उन पर तीखे चाकुओं से हमला बोल दिया और मौके से फरार हो गए।

चंडीगढ़ रेफर, पुरानी रंजिश का अंदेशा

घटना के तुरंत बाद अस्पताल स्टाफ और प्रत्यक्षदर्शियों ने दोनों घायलों को संभाला और आनन-फानन में इमरजेंसी के अंदर पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक, दोनों के शरीर पर गहरे घाव लगे हैं और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। प्राथमिक डॉक्टरी राहत देने के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए तुरंत चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वारदात स्थल का जायजा लिया। शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जल्द ही हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें– पूंडरी विधानसभा को 2.77 करोड़ की सौगात, टेंडर पूरे, जल्द शुरू होंगे विकास कार्य

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed