Karnal Crime News: जीटी रोड पर गनपॉइंट पर 30 लाख की लूट, बसताड़ा के पास स्कॉर्पियो सवार बदमाशों का तांडव

जीटी रोड पर गनपॉइंट पर 30 लाख की लूट, बसताड़ा के पास स्कॉर्पियो सवार बदमाशों का तांडव
Karnal Crime News: करनाल में बेखौफ बदमाशों ने नेशनल हाईवे-44 (जीटी रोड) पर बसताड़ा फ्लाईओवर के पास एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। बुधवार रात करीब 9:30 बजे अपनी फ्रोंक्स कार में बैठकर पेमेंट का इंतजार कर रहे युवकों को बदमाशों ने गनपॉइंट पर लेकर 30 लाख रुपये की नगदी लूट ली। बिना नंबर प्लेट वाली काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर आए आधा दर्जन बदमाशों ने इस पूरी वारदात को अंजाम दिया और हाईवे पर सनसनी फैलाकर आसानी से फरार हो गए।
रजिस्ट्री की पेमेंट के लिए खड़े थे युवक, डिग्गी खुलवाकर छीना बैग
गांव माजरा रोडान के रहने वाले पीड़ित नरेंद्र ने बताया कि वह अपने तीन साथियों के साथ दिल्ली से करनाल की तरफ आ रहे थे। उनके पास जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए 30 लाख रुपये की नगदी मौजूद थी। बसताड़ा के पास वे उस व्यक्ति का इंतजार कर रहे थे, जिसे यह रकम देनी थी। इसी दौरान अचानक एक काली स्कॉर्पियो उनकी कार के आगे आकर रुकी। गाड़ी से उतरते ही बदमाशों ने सीधे कार की डिग्गी खोलने को कहा। नरेंद्र ने जब इसका विरोध किया तो बदमाशों ने पिस्टल तान दी और मारपीट शुरू कर दी।
पिस्तौल के बट से हमला, मौके से मैगजीन और कारतूस बरामद
हमलावरों ने नरेंद्र के चेहरे पर पिस्टल के बट से वार किया और डंडों से पीटना शुरू कर दिया, जिससे उनके आंख के पास गंभीर चोट आई। इस दौरान कार में बैठे उनके बाकी तीन साथी डर के मारे बाहर नहीं निकले। बदमाश कार में रखा पैसों का बैग उठाकर पलक झपकते ही गायब हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को घटनास्थल से एक पिस्टल की मैगजीन और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
मधुबन (बसताड़ा) थाना प्रभारी लखविंद्र सिंह ने बताया कि नरेंद्र कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बिना नंबर की उस स्कॉर्पियो और उसमें सवार लुटेरों की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर लुटेरों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ें– Haryana News: 10 साल पुराने डीजल और 15 साल पुराने पेट्रोल वाहनों को नहीं मिलेगा ईंधन, सीएम नायब सैनी ने दी मंजूरी
