Karnal News: हरियाणा में नशे की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) को एक और सफलता हाथ लगी है। ब्यूरो की करनाल यूनिट ने नेशनल हाईवे-44 पर गश्त के दौरान मुस्तैदी दिखाते हुए एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने दो शातिर तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जो पंजाब के इलाकों से नशीले पदार्थों की खेप लाकर स्थानीय स्तर पर खपाने का काला कारोबार कर रहे थे।
जीटी रोड पर बिछाया गया जाल
मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए एचएसएनसीबी करनाल यूनिट के प्रभारी निरीक्षक ऋषिपाल सिंह ने बताया कि ब्यूरो की टीम 23 अक्टूबर की शाम जीटी रोड क्षेत्र में नशा विरोधी गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान शाम करीब साढ़े सात बजे एक विश्वसनीय मुखबिर ने गुप्त सूचना दी कि करनाल निवासी मन्नी और विकास कुमार बड़े पैमाने पर हेरोइन की खरीद-फरोख्त में शामिल हैं।
सूचना यह भी थी कि दोनों आरोपी अंबाला की तरफ से अपनी होंडा अमेज कार में स्मैक/चिट्टा लेकर करनाल की ओर आ रहे हैं। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने जीटी रोड पर झिंझाड़ी के पास मारुति सुजुकी एजेंसी के सामने सर्विस लेन पर नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी।
आर्म रेस्ट के अंदर छिपा रखी थी हेरोइन
रात लगभग साढ़े नौ बजे मुखबिर के बताए हुलिए के मुताबिक एक काली रंग की होंडा अमेज कार आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने सतर्कता बरतते हुए कार को रुकने का इशारा किया। गाड़ी की चालक सीट पर विकास कुमार पुत्र वेदपाल सिंह और साथ वाली सीट पर मन्नी पुत्र राकेश चौपड़ा (दोनों निवासी करनाल) बैठे मिले। जब नियमानुसार गाड़ी की गहन तलाशी ली गई, तो कार के आर्म रेस्ट के अंदर छिपाई गई एक पारदर्शी एयरटाइट पन्नी बरामद हुई। पन्नी को खोलकर डिजिटल तराजू पर तौला गया, तो उसमें मौजूद हेरोइन का कुल वजन 19.36 ग्राम निकला, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है।
पंजाब से जुड़े सप्लाई नेटवर्क की होगी पड़ताल
पुलिस ने बरामद हेरोइन और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही होंडा अमेज कार को साक्ष्य के तौर पर अपने कब्जे में ले लिया है। आरोपियों के खिलाफ थाना सदर करनाल में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एचएसएनसीबी अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड पर लेकर यह पता लगाया जाएगा कि वे पंजाब में किस बड़े सप्लायर से यह नशा खरीद कर लाते थे और करनाल व आसपास के किन-किन इलाकों में इसकी सप्लाई की जानी थी।
नशीले पदार्थों की सूचना देने की अपील
इंचार्ज ऋषिपाल सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास नशे का कारोबार करने वालों की जानकारी निसंकोच पुलिस तक पहुंचाएं। उन्होंने बताया कि इसके लिए राज्य स्तर पर जारी एचएसएनसीबी के विशेष हेल्पलाइन नंबर 9050891508 या राष्ट्रीय नशा हेल्पलाइन नंबर 1933 पर संपर्क किया जा सकता है। सूचना देने वाले नागरिक की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी।

