Karnal Road Accident: हरियाणा के करनाल जिले में सड़क हादसे का एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहाँ ट्रैक्टर से सफर कर रहे एक युवा दिहाड़ी मजदूर की असमय मौत हो गई। मूल रूप से बिहार का रहने वाला 21 वर्षीय श्याम करनाल में रहकर ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। एक छोटी सी लापरवाही और जल्दबाजी उसकी जिंदगी पर भारी पड़ गई। पुलिस ने औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक, श्याम किसी काम से बीजना गया हुआ था और 11 अक्टूबर को वापस स्टौंडी की तरफ लौट रहा था। रास्ते में उसने अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए एक ट्रैक्टर चालक से लिफ्ट ले ली और ट्रैक्टर पर सवार हो गया। वाहन बीजना से स्टौंडी की ओर बढ़ रहा था, तभी रास्ते में श्याम को जहां उतरना था, वहां वाहन की गति धीमी हुई।
ब्रेक लगने से पहले छलांग लगाना पड़ा महंगा
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, जैसे ही ट्रैक्टर रुकने वाला था, श्याम ने ब्रेक पूरी तरह लगने से पहले ही जल्दबाजी में नीचे छलांग लगा दी। चलते वाहन से कूदने के कारण उसका संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया और वह संभल नहीं पाया। वह सीधे ट्रैक्टर के पीछे जुड़ी खाली ट्रॉली की चपेट में आ गया और उसके नीचे कुचला गया।
हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरा मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दौड़कर उसे संभाला और गंभीर हालत में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की अचानक मौत की खबर से भट्ठा मजदूरों और उसके परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों के पहुंचने पर हुआ अंतिम संस्कार
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को अपने कब्जे में लेकर अस्पताल की मॉच्युरी में रखवा दिया। पुलिस ने मृतक के मूल निवास और परिजनों से संपर्क साधा। सूचना पाकर 12 अक्टूबर को परिवार के लोग करनाल पहुँचे, जिनकी मौजूदगी में पुलिस ने शव की शिनाख्त करवाई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर ली गई है और परिजनों की आगामी शिकायत के आधार पर आगे की तफ्तीश की जाएगी।
यह भी पढ़ें– 9 साल से बंद पड़ा ज्योतिसर का अंडरपास, जोहड़ बने रास्ते से परेशान ग्रामीण काट रहे 10 किमी का चक्कर

