Karwa Chauth Mehndi Designs: सुहागिनों के सबसे बड़े पर्व करवा चौथ की तैयारियां अब अपने पूरे शबाब पर हैं। नए कपड़ों और गहनों की खरीददारी के साथ-साथ महिलाओं ने अपने हाथों में रचाने के लिए मेहंदी के लेटेस्ट डिजाइन्स की तलाश भी शुरू कर दी है। करवा चौथ के दिन हाथों पर सजी खूबसूरत मेहंदी इस व्रत के उल्लास और सुहाग की निशानी को और भी गहरा कर देती है। कोई हाथों को पूरी तरह पारंपरिक बेल-बूटों से सजाना पसंद करती है, तो किसी को मिनिमल और सोबर डिजाइन लुभाते हैं। यदि आप भी इस करवा चौथ अपने हाथों को एक नया और आकर्षक लुक देना चाहती हैं, तो इस बार बाजार में छाए ये ट्रेंडी पैटर्स आपके लिए एकदम परफेक्ट साबित हो सकते हैं।
चांद-सितारों और गोल टिक्की का सदाबहार क्रेज
करवा चौथ के त्योहार की असल रौनक चांद के दीदार के साथ पूरी होती है, ऐसे में हथेली पर चांद-सितारों वाले डिजाइन काफी पसंद किए जाते हैं। हथेली के ठीक बीच में खूबसूरत चांद बनाकर उसके इर्द-गिर्द बारीक सितारों या बिंदुओं की सजावट इस पर्व की थीम पर बिल्कुल सटीक बैठती है। इसके अलावा, जिन्हें ज्यादा भरी हुई मेहंदी पसंद नहीं है, उनके लिए क्लासिक ‘गोल टिक्की’ डिजाइन हमेशा से पहली पसंद रहा है। हथेली के केंद्र में सजी गोल टिक्की के चारों तरफ बारीक बेलें बनाकर आप कम समय में एक बेहद शालीन और खूबसूरत लुक पा सकती हैं।
फूल-पत्तियों और जालीदार पैटर्न का नया अंदाज
पारंपरिक बेल-बूटे और फूल-पत्तियों वाले डिजाइन हाथों की सुंदरता को तुरंत बढ़ा देते हैं। उंगलियों से लेकर कलाई तक जाती हुई फूलों की यह बेलें हर तरह के एथनिक पहनावे—चाहे वह साड़ी हो, सूट या फिर लहंगा—के साथ आसानी से फब जाती हैं। इसके साथ ही इस बार जालीदार मेहंदी डिजाइनों का भी काफी चलन है। जालीदार पैटर्न के बीच में चांद, सितारे या छोटे फूल उकेरकर हाथों को एक भारी और बेहद मॉडर्न लुक दिया जा रहा है।
बैक हैंड और पति के नाम वाली खास मेहंदी
हथेली के साथ-साथ हाथों की पिछली यानी बैक हैंड साइड की मेहंदी भी आजकल फैशन में इन है। कलाई पर ब्रेसलेट या कंगन जैसा पैटर्न और उंगलियों पर बारीक रेखाएं हाथों की शोभा कई गुना बढ़ा देती हैं, खासकर जब आप करवा चौथ की पूजा के दौरान तस्वीरें खिंचवाती हैं। वहीं, करवा चौथ पर पति के नाम का पहला अक्षर या पूरा नाम मेहंदी में छिपाना इस व्रत का सबसे प्यारा हिस्सा माना जाता है। आप फूल, गोल टिक्की या जालीदार डिजाइन के बीच बहुत ही कलात्मक तरीके से अपने जीवनसाथी का नाम लिखवा सकती हैं।
मेहंदी का रंग गाढ़ा करने के कुछ खास टिप्स
हाथों पर रची मेहंदी जितनी गहरी होती है, उसकी खूबसूरती उतनी ही निखरती है। मेहंदी का रंग पक्का करने के लिए कुछ बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। हमेशा मेहंदी लगाने से पहले हाथों को अच्छी तरह धोकर सूखा लें ताकि तेल या नमी न रहे। मेहंदी को खुद-ब-खुद प्राकृतिक रूप से सूखने दें और उसे छुड़ाने के लिए पानी का इस्तेमाल करने से बचें। मेहंदी उतरने के बाद कुछ घंटों तक हाथों को पानी के संपर्क से दूर रखें। हालांकि, नींबू-चीनी या अन्य घरेलू नुस्खों का इस्तेमाल अपनी त्वचा की प्रकृति को देखकर ही करें ताकि किसी तरह की जलन से बचा जा सके।
यह भी पढ़ें– करवा चौथ पर बाजारों में उमड़ी सुहागिनों की भीड़, सजी चूड़ियों और डिजाइनर कंगनों की दुकानें

