Khushboo Patani Air Pistol Self Defense: ‘आत्मरक्षा के लिए किसी पर निर्भर न रहें’, खुशबू पाटनी ने लड़कियों को दी एयर पिस्टल ट्रेनिंग की सलाह
'आत्मरक्षा के लिए किसी पर निर्भर न रहें', खुशबू पाटनी ने लड़कियों को दी एयर पिस्टल ट्रेनिंग की सलाह
Khushboo Patani Air Pistol Self Defense: बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी की बहन और पूर्व भारतीय सेना अधिकारी खुशबू पाटनी इन दिनों सोशल मीडिया पर अपने एक वीडियो को लेकर काफी चर्चा में हैं। देश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों और हाल ही में बिहार के जमुई में सामने आई कथित छेड़छाड़ व मारपीट की घटना के बाद खुशबू ने लड़कियों की सुरक्षा को लेकर अपनी राय रखी है। एक पूर्व सैन्य अधिकारी के तौर पर उन्होंने लड़कियों को आत्मनिर्भर बनने और सेल्फ डिफेंस के लिए एयर पिस्टल की सही ट्रेनिंग लेने की महत्वपूर्ण सलाह दी है।
View this post on Instagram
कैसे काम करती है एयर पिस्टल? वीडियो में दी पूरी जानकारी
बीते रविवार को खुशबू पाटनी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो साझा किया। इस वीडियो में वह एयर पिस्टल की बारीकियों को समझाती नजर आ रही हैं। उन्होंने बताया कि आम बंदूकों की तरह एयर पिस्टल में बारूद या असली कारतूसों का इस्तेमाल नहीं होता, बल्कि इसमें CO2 गैस के प्रेशर से पेलेट को आगे दागा जाता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भले ही इसमें बारूद न हो, लेकिन इसे कभी भी खिलौना समझने की भूल न करें। लड़कियों को सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि यदि वे आत्मरक्षा के लिए इसे रखना चाहती हैं, तो सबसे पहले किसी मान्यता प्राप्त शूटिंग रेंज से इसका सही प्रशिक्षण जरूर लें।
60 से 70 हजार रुपये कीमत, बिना ट्रेनिंग इस्तेमाल करने से बचें
अपने वीडियो में खुशबू ने कहा कि आज के दौर में लड़कियों को अपनी सुरक्षा के लिए किसी पुरुष या व्यवस्था पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है। उन्होंने एयर पिस्टल की अनुमानित कीमत करीब 60 से 70 हजार रुपये बताई। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि हथियार कोई भी हो, बिना पूरी जानकारी और ट्रेनिंग के उसे रखना या इस्तेमाल करना खतरनाक हो सकता है। इसलिए किसी भी एयर पिस्टल को खरीदने से पहले उसके तकनीकी पहलुओं और अपनी व्यक्तिगत क्षमता का आंकलन करना बेहद जरूरी है।
जिम्मेदारी से इस्तेमाल का डिस्क्लेमर और स्थानीय शूटिंग रेंज की मदद
खुशबू पाटनी ने अपने वीडियो के साथ एक जिम्मेदार नागरिक की तरह डिस्क्लेमर भी जारी किया। उन्होंने साफ किया कि उनके इस वीडियो का मकसद केवल जागरूकता फैलाना और शिक्षा देना है। उन्होंने लड़कियों से अपील की कि वे अपने नजदीकी लाइसेंस धारक डीलर और शूटिंग रेंज से संपर्क कर ही एयर पिस्टल से जुड़ी सही जानकारी जुटाएं। गौरतलब है कि खुशबू पाटनी अक्सर सामाजिक और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखने के लिए जानी जाती हैं।
यह भी पढ़ें– रीति तिवारी पर बुरी तरह भड़के सलमान खान, कहा ‘अब तक की सबसे घटिया हरकत’
