Koffee With Karan 9: बॉलीवुड के सबसे चर्चित और विवादित चैट शो ‘कॉफी विद करण’ का नया और आखिरी सीजन दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए पूरी तरह तैयार है। फिल्ममेकर करण जौहर अपने इस लोकप्रिय शो के नौवें सीजन को लेकर काफी सुर्खियों में हैं। खास बात यह है कि इस विदाई सीजन के पहले एपिसोड में मेहमान के तौर पर बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान नजर आने वाले हैं। हाल ही में शो से जुड़ा एक नया प्रोमो वीडियो सोशल मीडिया पर रिलीज किया गया है, जिसने आते ही इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है।
सामने आए प्रोमो वीडियो की शुरुआत बेहद दिलचस्प अंदाज में होती है। करण जौहर अपने मेहमान का स्वागत करते हुए कहते हैं, “एक वाइस इंसान ने कहा था ‘इट्स डन ब्रो’, तो उनसे बेहतर मेरे इस आखिरी सीजन को शुरू करने के लिए और कौन हो सकता है?” इसके तुरंत बाद सलमान खान धमाकेदार अंदाज में सेट पर दाखिल होते हैं और बिना वक्त गंवाए सीधे करण जौहर की गद्दी यानी उनकी चेयर पर ही कब्जा जमा लेते हैं। इस पर हैरान होकर जब करण ने पूछा कि क्या मुझे सामने बैठना चाहिए, तो भाईजान ने तुरंत हामी भर दी और चुटकी लेते हुए कहा कि अब इस शो का नाम ‘कॉफी विद करण’ की जगह ‘कॉफी विद सलमान’ होना चाहिए।
जब करण ने पूछा- “क्या आप अभी भी वर्जिन हैं?”
बातचीत का सिलसिला आगे बढ़ा तो करण जौहर अपने चिर-परिचित अंदाज में कैसे पीछे रहते। उन्होंने सीधे तौर पर सलमान खान से सवाल दाग दिया कि, “क्या आप अभी भी वर्जिन हैं?” इस पर सलमान खान ने भी अपनी हाजिरजवाबी दिखाते हुए तुरंत जवाब दिया, “कंट्रोल करो भाई, कंट्रोल।” दोनों के बीच की यह खट्टी-मीठी नोकझोंक दर्शकों को खूब हंसा रही है।
बातचीत के दौरान सलमान खान ने करण जौहर को आड़े हाथों लेते हुए मजाकिया लहजे में कहा, “ये ऐसा तो नहीं है ना कि आखिरी सीजन बोल-बोलकर तुम हम सबकी ‘कॉफी विद करण’ करवा रहे हो?” इस पर करण ने सफाई देते हुए कहा कि नहीं, अब मैं वाकई वापस नहीं आऊंगा। जवाब में सलमान ने उनकी ही फिल्म के पॉपुलर डायलॉग को रिक्रिएट करते हुए कहा, “करण तुस्सी न जाओ।”
इसके बाद करण ने सलमान से कहा कि आज आप बहुत कंपोज (शांत) लग रहे हैं। इस पर भाईजान ने तंज कसते हुए कहा कि जो सलाह मैं अक्सर दूसरों को देता हूं, अब खुद उसे अपनाने का वक्त आ गया है। शो के दौरान दोनों ने ट्रोल्स की क्लास लगाने और सोशल मीडिया के दौर पर भी खुलकर चर्चा की। अंत में सलमान ने कैमरे की तरफ इशारा करते हुए मजाकिया अंदाज में कहा कि फोन में जिसने भी कैमरा बनाया है, वो जिस दिन मुझे मिल गया ना..। इस मजेदार प्रोमो ने फैंस की उत्सुकता को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है।
यह भी पढ़ें– सूर्या, अंत से आरंभ तक का टीजर रिलीज, खूंखार अंदाज में दिखे सनी देओल

