बॉलीवुड। बॉलीवुड के जाने-माने फिल्म निर्माता और निर्देशक कुणाल कोहली एक बार फिर अभिनेता रणवीर सिंह के ढाल बनकर खड़े हुए हैं। मार्च के महीने में रणवीर की फिल्म ‘धुरंधर’ की खुलकर तारीफ करने के बाद अब कोहली ने फिल्म इंडस्ट्री के मौजूदा ढर्रे और एक्टर्स पर बनने वाले बॉक्स ऑफिस दबाव को लेकर बेबाकी से अपनी राय रखी है। एक हालिया बातचीत में जब उनसे रणवीर सिंह के करियर और उनके दौर को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि आज के समय में सोशल मीडिया फैंस, प्रोड्यूसर्स और दर्शकों को यह कड़वी सच्चाई समझनी होगी कि सिनेमा में कोई भी हमेशा के लिए हिट की गारंटी नहीं हो सकता।
कुणाल कोहली ने साफ शब्दों में कहा, “चाहे कोई कितना भी बड़ा सुपरस्टार क्यों न हो जाए, वह फ्लॉप फिल्मों के दौर से बच नहीं सकता। इतिहास गवाह है कि हर बड़े एक्टर की फिल्में पिटी हैं। यह नामुमकिन है कि कोई सिर्फ हिट फिल्में ही देता रहे। उतार-चढ़ाव हर कलाकार, निर्माता और निर्देशक के जीवन का हिस्सा हैं, इससे किसी की काबिलियत या उसकी पहचान खत्म नहीं हो जाती।” उन्होंने आगे कहा कि रणवीर सिंह आने वाले समय में फिर कोई ब्लॉकबस्टर फिल्म देंगे और हो सकता है कि उसके बाद उनकी कोई फिल्म न चले। यही इस इंडस्ट्री का स्वभाव है और इसे सहजता से लेकर आगे बढ़ जाना चाहिए।
‘धुरंधर’ के सीन्स और रणवीर की कला के मुरीद हुए निर्देशक
रणवीर सिंह के अभिनय कौशल की तारीफ करते हुए कुणाल कोहली ने कहा कि वह एक बेहद संजीदा और शानदार कलाकार हैं। फिल्म ‘धुरंधर’ का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि रणवीर ने इस फिल्म में कुछ ऐसे दृश्यों को जिया है, जो वाकई काबिल-ए-तारीफ हैं। कोहली का मानना है कि किसी भी डायरेक्टर या एक्टर को सिर्फ इस तराजू पर नहीं तौला जाना चाहिए कि उसकी पिछली फिल्म ने खिड़की पर कितने पैसे कमाए। कला को सफलता या असफलता के चश्मे से देखना बंद करना होगा।
‘हमजा अली मजारी’ के किरदार में रणवीर ने फूंकी जान
अगर फिल्म ‘धुरंधर’ में रणवीर सिंह के काम की बात करें, तो उन्होंने पर्दे पर ‘हमजा अली मजारी’ के बेहद पेचीदा और कड़क किरदार को उतारा है। कहानी में उनके ‘शेर-ए-बलूच’ और लयारी के बादशाह बनने के खूंखार सफर को बेहद करीब से दिखाया गया है। यह कहानी जसकिरत सिंह रंगी के हमजा बनने के उस खतरनाक मिशन की है, जो पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में हुए आतंकवादी हमलों का हिसाब चुकता करने के लिए एक भारतीय जासूस के रूप में वहां की सरजमीं पर घुसपैठ करता है। रणवीर ने इस किरदार के दर्द और गुस्से को पर्दे पर बखूबी दर्शाया है, जिसकी चर्चा अब सिनेमाई गलियारों में जोरों पर है।

