Kurukshetra Accident: कुरुक्षेत्र में बैरिकेडिंग तोड़ घुसी तेज रफ्तार बस, मजदूर की मौके पर मौत
कुरुक्षेत्र में बैरिकेडिंग तोड़ घुसी तेज रफ्तार बस, मजदूर की मौके पर मौत
Kurukshetra Accident: दिल्ली-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर कुरुक्षेत्र के रामगढ़ के समीप रविवार तड़के एक खौफनाक हादसा सामने आया। अंबाला की ओर से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार प्राइवेट स्लीपर बस सुरक्षा के लिए लगाए गए बैरिकेड्स को चकनाचूर करती हुई जीटी रोड पर चल रहे निर्माण कार्य के इलाके में जा घुसी। (Kurukshetra Accident News) बस ने वहां खड़े मोटर ग्रेडर को सीधी टक्कर मारी और कोल्ड मिलिंग मशीन के समीप काम कर रहे एक युवक को रौंद दिया। सिर में आई गंभीर चोटों के कारण मजदूर की मौके पर ही तड़प-तड़पकर जान चली गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और भगदड़ जैसा माहौल बन गया।
40 जिंदगियां बाल-बाल बचीं, केबिन में फंसा रहा बस चालक
हादसा तड़के करीब 3:30 बजे हुआ, जब कुरुक्षेत्र से अंबाला जाने वाली लेन पर सड़क सुधारीकरण का काम जोर-शोर से चल रहा था। मौके पर सुरक्षा के लिहाज से रिफ्लेक्टर, सेफ्टी बोर्ड और बैरिकेड्स लगाकर करीब 30 से 40 कर्मचारी मुस्तैदी से काम में जुटे थे और यातायात को एक लेन से निकाला जा रहा था।
इसी बीच अचानक आई बेकाबू बस बैरिकेड्स तोड़ते हुए सीधे काम कर रहे मजदूरों की तरफ बढ़ गई। (NH44 Haryana Accident) टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक मनोज कुमार केबिन में ही फंसा रह गया। गनीमत यह रही कि बस में सवार करीब 40 यात्री इस भयानक टक्कर के बावजूद सुरक्षित बच गए।
भाई के आंखों के सामने चली गई छोटे भाई की सांसें
मृतक मजदूर की पहचान मूल रूप से 30 वर्षीय रूप चंद के रूप में हुई है। मृतक के बड़े भाई भारत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे दोनों भाई पिछले 20-25 दिनों से ठेकेदार के अधीन एनएच-44 पर सड़क निर्माण के काम में मजदूरी कर रहे थे।
घटना के वक्त रूप चंद मशीन के बिल्कुल पास ही काम कर रहा था, तभी यमदूत बनकर आई तेज रफ्तार बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बस चालक समेत तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने केबिन से निकालकर तुरंत अस्पताल भिजवाया।
हाईवे पर सुरक्षा इंतजामों की पोल खुली, जांच में जुटी पुलिस
राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए इस हादसे ने निर्माण कार्य के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इतने व्यस्त और हाई-स्पीड कॉरिडोर पर महज प्लास्टिक बैरिकेडिंग के भरोसे काम कराया जाना मजदूरों की जिंदगी से खिलवाड़ साबित हो रहा है। उधर, थाना पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और भाई के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के सही कारणों और ड्राइवर की लापरवाही की गहनता से तफ्तीश की जा रही है।
