National Sports University Regional Center: खेल जगत में देश का परचम लहराने वाले हरियाणा के युवाओं को अब अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल वैज्ञानिक सुविधाएं अपने ही प्रदेश में मिलने की उम्मीद जगी है। कुरुक्षेत्र से सांसद नवीन जिन्दल ने धर्मनगरी में मणिपुर स्थित ‘नेशनल स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी’ (राष्ट्रीय खेल विश्वविद्यालय) का नया कैंपस या रीजनल सेंटर स्थापित करने का एक बड़ा प्रस्ताव केंद्र सरकार के सामने रखा है। सांसद ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को अमलीजामा पहनाने के लिए केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया को औपचारिक पत्र भेजकर मंजूरी की प्रक्रिया शुरू करने का आग्रह किया है।
कुश्ती, बॉक्सिंग और एथलेटिक्स के गढ़ को मिलेगा आधुनिक सपोर्ट system
केंद्रीय खेल मंत्री को भेजे गए पत्र में सांसद नवीन जिन्दल ने हरियाणा के खेल सामर्थ्य को प्रमुखता से रेखांकित किया। उन्होंने लिखा कि कुश्ती, बॉक्सिंग, एथलेटिक्स, शूटिंग और कबड्डी जैसे खेलों में हरियाणा देश का नेतृत्व करता आया है। ओलंपिक से लेकर एशियन गेम्स तक देश की झोली में पदक डालने वाले इस राज्य में यदि राष्ट्रीय स्तर का खेल संस्थान आता है, तो इससे एथलीटों, कोचों और खेल विशेषज्ञों को उच्च स्तरीय अवसर मिलेंगे।
सांसद ने जोर देकर कहा कि यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ और ‘विकसित हरियाणा’ के संकल्प को धरातल पर साकार करने की दिशा में अत्यंत निर्णायक साबित होगा।
प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों की मौजूदगी से आसान होगी स्पोर्ट्स साइंस की रिसर्च
कुरुक्षेत्र को ही इस सेंटर के लिए चुने जाने के पीछे सांसद जिन्दल ने शहर के मजबूत शैक्षणिक और संस्थागत इंफ्रास्ट्रक्चर की दलील दी। कुरुक्षेत्र में पहले से ही एनआईटी (NIT), ऐतिहासिक कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय और श्री कृष्णा आयुष यूनिवर्सिटी जैसे नामचीन संस्थान संचालित हो रहे हैं।
सांसद के मुताबिक, इन संस्थानों के आपसी सहयोग से स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी, स्पोर्ट्स साइंस, फिजिकल एजुकेशन, स्पोर्ट्स साइकोलॉजी और इंजरी रिहैबिलिटेशन जैसे आधुनिक विषयों पर गहन रिसर्च की जा सकेगी। इससे खिलाड़ियों को सिर्फ पारंपरिक प्रशिक्षण ही नहीं, बल्कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण से तैयार किया जा सकेगा।
उत्तर भारत का केंद्र बनेगा कुरुक्षेत्र, पीएम सेतु योजना से भी मिल रही मजबूती
भौगोलिक दृष्टि से कुरुक्षेत्र की स्थिति का जिक्र करते हुए नवीन जिन्दल ने बताया कि यह शहर रेल और राष्ट्रीय राजमार्गों के माध्यम से पूरे उत्तर भारत से बेहतरीन तरीके से कनेक्टेड है। ऐसे में कुरुक्षेत्र में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का सेंटर खुलने से न केवल हरियाणा, बल्कि पड़ोसी राज्यों जैसे पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और दिल्ली-एनसीआर के युवा एथलीटों को भी सीधा फायदा मिलेगा।
गौरतलब है कि सांसद नवीन जिन्दल कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के चौतरफा विकास के लिए लगातार केंद्र सरकार से पत्राचार कर रहे हैं। इससे पहले पीएम सेतु योजना के जरिए भी क्षेत्र के युवाओं को बड़ा आर्थिक व रोजगार अवसर दिलाने का प्रयास किया गया है। कुरुक्षेत्र में राष्ट्रीय खेल संस्थान का रीजनल सेंटर बनने की दिशा में यह पत्र क्षेत्र के युवाओं के लिए एक बड़ी उम्मीद बनकर आया है।

