Kurukshetra News: कुरुक्षेत्र जिले के प्रतापगढ़ स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में गुरुवार की सुबह भयानक मंजर देखने को मिला। सुबह की बारिश के चलते मौसम सुहावना था और स्कूल परिसर में बिजली कटी हुई थी। इसी बीच स्कूल के कंप्यूटर रूम में काम से पहुंची एक शिक्षिका की नजर जैसे ही कोने पर पड़ी, उनके होश उड़ गए। वहां करीब 5 से 6 फुट लंबा एक काला कोबरा सांप कुंडली मारे बैठा था। शिक्षिका के करीब पहुंचते ही कोबरा फन फैलाकर फुंकारने लगा, जिसके बाद शिक्षिका ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई और स्टाफ को इसकी सूचना दी।
सांप मिलने की खबर फैलते ही पूरे स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर शिक्षकों ने तुरंत सभी छात्राओं को कंप्यूटर रूम से दूर सुरक्षित जगह पर इकट्ठा किया और कमरे की तरफ जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी। आनन-फानन में पुलिस की डायल-112 सेवा और फायर ब्रिगेड की टीम को मौके पर बुलाया गया। दोनों टीमों के कर्मियों ने काफी देर तक सांप को रेस्क्यू करने का प्रयास किया, लेकिन आक्रामक मूड में आया कोबरा लगातार फुंकार मारता रहा और हाथ नहीं आया।
स्नेक मैन की मशक्कत के बाद पकड़ा गया कोबरा
जब स्थिति काबू में नहीं आई तो कुरुक्षेत्र के जाने-माने स्नेक मैन गुलशन को मामले की जानकारी देकर मौके पर बुलाया गया। गुलशन ने घटनास्थल पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। बिजली न होने के कारण पूरे कंप्यूटर रूम में गहरा अंधेरा था, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन में भारी दिक्कतें आ रही थीं। स्नेक मैन ने पहले बड़ी सावधानी से सांप को कमरे से बाहर निकाला और फिर करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद डंडे और स्पेशल स्टिक की मदद से कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया।
शिकार पचाने के लिए छिपकर बैठा था जहरीला सांप
सांप को काबू करने के बाद स्नेक मैन गुलशन ने बताया कि यह अत्यधिक विषैला इंडियन स्पेक्टकल्ड कोबरा था। पेट के आकार को देखकर पता चला कि वह कुछ ही देर पहले किसी जीव का शिकार कर चुका था और उसे पचाने के लिए किसी शांत व अंधेरी जगह की तलाश में था। इसी चक्कर में वह स्कूल के कंप्यूटर रूम में आ घुसा था। उन्होंने बताया कि यह गनीमत रही कि शिक्षिका के बिल्कुल करीब पहुंच जाने के बावजूद सांप ने हमला नहीं किया। स्नेक मैन द्वारा कोबरा को प्लास्टिक के डिब्बे में बंद कर जंगल में सुरक्षित छोड़ देने के बाद स्कूल प्रशासन और बच्चों ने राहत की सांस ली।
यह भी पढ़ें– पिहोवा सरस्वती तीर्थ पर महिला के गले से काटी सोने की चेन, पंजाब की 2 शातिर महिला स्नैचर गिरफ्तार

