Kurukshetra Police Action: हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले को पूरी तरह से नशामुक्त करने के लिए पुलिस प्रशासन ने अब जमीन पर उतरकर सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। (Jyotisar Kurukshetra news)
इसी कड़ी में शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे थाना केयूके के एसएचओ जगदीश तामक और ज्योतिसर चौकी प्रभारी नरेंद्र कुमार ने भारी पुलिस बल के साथ ज्योतिसर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में औचक दबिश दी। पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। टीम ने उन तमाम स्थानों और खंडहर इमारतों को खंगाला, जहां नशीले पदार्थों के सेवन या असामाजिक गतिविधियों के संचालन की अक्सर आशंका बनी रहती है।
हालांकि, शुक्रवार शाम की इस कार्रवाई के दौरान पुलिस को फिलहाल मौके पर कोई संदिग्ध व्यक्ति या नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि जिले को नशमुक्त बनाने के लिए इस तरह के सर्च ऑपरेशन लगातार जारी रहेंगे।
खंडहर इमारतों से लेकर तीर्थ परिसर तक कड़ा पहरा
शुक्रवार शाम चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत पुलिस टीम ने ज्योतिसर स्थित प्रसिद्ध कृति केंद्र, पंचायत भवन, पुराने पशु अस्पताल की जर्जर और खंडहर हो चुकी इमारतों के साथ-साथ ज्योतिसर तीर्थ के आसपास के इलाकों को बारीकी से खंगाला। (Haryana police raids drugs) इन सूने और वीरान स्थानों पर लंबे समय से नशेड़ियों के जमावड़े की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके मद्देनजर पुलिस ने इन सभी बिंदुओं पर गहन जांच की।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उच्चाधिकारियों के सख्त दिशा-निर्देशों के तहत पूरे केयूके थाना क्षेत्र में नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार गश्त कर रही हैं।
नागरिकों से की गई सहयोग की अपील
कार्रवाई के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए थाना केयूके के एसएचओ जगदीश तामक ने दो टूक कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को बर्बाद कर रहे जहर यानी नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त और उनके इस्तेमाल पर पूरी तरह से अंकुश लगाना है।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि नशा समाज का सबसे बड़ा दुश्मन है, इसलिए यदि किसी भी नागरिक को अपने आस-पास कोई संदिग्ध व्यक्ति नशा बेचता या इसका सेवन करता दिखाई दे, तो वह बेझिझक इसकी सूचना पुलिस को दे। (Kurukshetra news in Hindi) पुलिस सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखेगी। उन्होंने कहा कि जनता के सक्रिय सहयोग के बिना नशे के इस नासूर को जड़ से खत्म करना संभव नहीं है।
यह भी पढ़ें– Faridabad News: छात्रा के घर लटका मिला 10वीं के छात्र का शव, परिजनों का हंगामा, पुलिस पर पथराव

