Lehragaga Crime News : जमीन के विवाद में 12 बोर की राइफल से व्यक्ति की हत्या, आरोपी फरार

जमीन के विवाद में 12 बोर की राइफल से व्यक्ति की हत्या, आरोपी फरार
Lehragaga Crime News : संगरूर जिले के लहरागागा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आते गांव दशमेश नगर (कोठे दसका) में जमीन की पुरानी रंजिश ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। गुरुवार को मामूली कहासुनी के बाद एक व्यक्ति की 12 बोर की लाइसेंसी राइफल से गोली मारकर हत्या कर दी गई।
मामला दो दिन पुराना बताया जा रहा है। मृतक की पहचान प्रकाश सिंह (उम्र करीब 39-40 वर्ष), पुत्र नेक सिंह, निवासी बहादुरपुर (जिला मानसा) के रूप में हुई है। वारदात की सूचना मिलते ही लहरागागा पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
घटना की पड़ताल कर रहे लहरागागा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जसकरण सिंह ने बताया कि मृतक प्रकाश सिंह अपने रिश्तेदार के पास गांव दशमेश नगर आया हुआ था।
इसी दौरान जमीन के पुराने विवाद को लेकर आरोपी बूटा सिंह पुत्र वरियाम सिंह के साथ उसका सामना हो गया। बहस इतनी बढ़ गई कि बूटा सिंह ने घर में रखी अपनी लाइसेंसी 12 बोर राइफल निकाली और प्रकाश सिंह पर सीधे फायर झोंक दिया। गोली लगने से प्रकाश सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
पटियाला अस्पताल भेजा गया शव, आरोपी की तलाश में छापेमारी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बूटा सिंह मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पटियाला के सरकारी अस्पताल भिजवा दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। वहीं, आरोपी को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर पुलिस की लगातार दबिश जारी है।
बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
इस मामले में लहरागागा पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई सतगुर सिंह पुत्र मेजर सिंह, निवासी बहादुरपुर (थाना बरेटा, मानसा) के बयानों के आधार पर कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी बूटा सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27/54/59 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। एसएचओ जसकरण सिंह ने दावा किया है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
Goraya Highway Accident : जालंधर-दिल्ली हाईवे पर ट्रक से टकराई बाइक, 3 युवकों की मौत
