October 2, 2026

LPU Phagwara Violence Arrest: LPU हिंसा केस में बड़ी कार्रवाई, मिग फाइटर जेट पर चढ़ने वाला छात्र हिमाचल से गिरफ्तार, 9 लोग दबोचे गए

0
LPU Phagwara Violence Arrest: LPU हिंसा केस में बड़ी कार्रवाई, मिग फाइटर जेट पर चढ़ने वाला छात्र हिमाचल से गिरफ्तार, 9 लोग दबोचे गए

LPU हिंसा केस में बड़ी कार्रवाई, मिग फाइटर जेट पर चढ़ने वाला छात्र हिमाचल से गिरफ्तार, 9 लोग दबोचे गए

LPU Phagwara Violence Arrest: फगवाड़ा की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में बीते दिनों भड़की हिंसा, आगजनी और हाईवे जाम करने के मामले में पंजाब पुलिस का चाबुक लगातार चल रहा है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें 7 यूनिवर्सिटी के छात्र और 2 बाहरी युवक शामिल हैं। इसके अलावा 20 अन्य आरोपियों को केस में नामजद किया गया है। डीआईजी नवीन सिंगला ने बताया कि उपद्रवियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने पंजाब के अलावा जम्मू, मुंबई और हिमाचल प्रदेश में छापेमारी कर गिरफ्तारियां की हैं।

सोशल मीडिया का ‘गुमनाम हीरो’ मंडी से गिरफ्तार, पिता हैं अधिकारी

यूनिवर्सिटी परिसर के बाहर स्थापित भारतीय वायुसेना के ‘मिग-23UM’ फाइटर जेट पर चढ़कर दंगे की पृष्ठभूमि में फोटो खिंचवाने वाला युवक पुलिस की हिरासत में आ चुका है। सोशल मीडिया पर वायरल हुई इस तस्वीर में वह किसी हीरो की तरह पोज दे रहा था, लेकिन हकीकत में वह एलपीयू में बी.टेक (इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स) का नाबालिग छात्र निकला।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद छात्र की पहचान की और उसे हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी छात्र के पिता मंडी में डीसी ऑफिस में अधिकारी पद पर तैनात हैं। छापेमारी के दौरान आरोपी घर पर ही आराम फरमा रहा था और उसने वही वायरल फोटो अपने मोबाइल के वॉलपेपर पर लगा रखी थी। पुलिस ने उसके पास से मैकबुक और आईफोन-14 प्रो जब्त किया है।

यूनिवर्सिटी के चांसलर और बीजेपी के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल ने इस हरकत पर कड़ा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि कैंपस के बाहर लगे मिग-23 और 1971 के युद्ध के टैंक हमारी सेना के शौर्य के प्रतीक हैं। इन पर चढ़कर हुड़दंग मचाना देश के शूरवीरों और सेना का सरासर अपमान है।

लूटपाट की नीयत से घुसे थे पिज्जा डिलीवरी बॉय, इन्फ्लुएंसर भी गिरफ्तार

पुलिस जांच में हिंसा के पीछे के कई चौंकाने वाले पहलू सामने आए हैं:

लूट की साजिश: फगवाड़ा के रहने वाले गगनदीप और जसमीत नाम के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जो डोमिनोज में पिज्जा डिलीवरी का काम करते हैं। हिंसा की खबर मिलते ही दोनों यूनिवर्सिटी में लूटपाट की नीयत से घुस गए थे।

इन्फ्लुएंसर छात्र जेम्स दहिया दबोचा गया: हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला छात्र जेम्स दहिया, जो कैंपस के अंदर ‘टेस्ट ऑफ पंजाब’ नाम से रेस्टोरेंट चलाता है और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर है, उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है। उस पर छात्रों को भड़काने और तोड़फोड़ में शामिल होने का आरोप है।

जम्मू से पांचवां आरोपी: डोडा (जम्मू) के रहने वाले एलपीयू छात्र साहिल को पुलिस ने उसके घर से गिरफ्तार किया है।

क्या था पूरा मामला?

दरअसल, 26 सितंबर 2026 की रात सोशल मीडिया पर यह अफवाह तेजी से फैली कि एलपीयू हॉस्टल में रहने वाली एक छात्रा के साथ किसी बाहरी प्लंबर ने दुष्कर्म किया है और प्रशासन मामले को दबा रहा है। इस झूठी खबर से भड़के हजारों छात्रों ने कैंपस में तांडव मचा दिया।

प्रदर्शनकारियों ने यूनिवर्सिटी की संपत्ति, यूनि-मॉल की दुकानों में जमकर तोड़फोड़ और लूटपाट की। इतना ही नहीं, उग्र छात्रों ने जालंधर-फगवाड़ा नेशनल हाईवे-44 को करीब 18 घंटे तक पूरी तरह जाम रखा और पुलिस की गाड़ियों में आग लगा दी। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए अन्य संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए है।

यह भी पढ़ें–Haryana Weather Update: हरियाणा में मानसून की विदाई, जानें 6 और 7 अक्टूबर को कहां होगी बारिश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed